बांदा के बबेरू में सनसनीखेज हत्याकांड की बात सुनकर हर कोई दंग रह गया। खून से सना फरसा लेकर थाने पहुंची 20 वर्षीय युवती ने सपा नेता की हत्या की बात कहते हुए कहा कि लाश घर पर पड़ी है। जाकर उठाओ।
बांदा जिले के बबेरू इलाके में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। खून से सना फरसा लेकर थाने पहुंची 20 साल की युवती ने पुलिस को बताया कि उसने गांव के सपा नेता की हत्या कर दी है। वजह जबरदस्ती और लंबे समय से चल रहा पारिवारिक विवाद बताया गया।
मामला बबेरू कोतवाली क्षेत्र के मुरवल गांव का है। यहां गुरुवार दोपहर एक युवती अचानक थाने पहुंची। उसके हाथ में खून से सना फरसा था। उसने पुलिस से कहा कि सपा नेता सुखराज प्रजापति उसके साथ जबरदस्ती कर रहा था। इसलिए उसने उसे मार डाला। यह सुनते ही थाने में हड़कंप मच गया। पुलिस ने तुरंत हथियार अपने कब्जे में लिया। युवती को साथ लेकर गांव पहुंची। जैसे युवती ने बताया था। उसी घर के कमरे में चारपाई पर सुखराज का शव पड़ा मिला। सिर पर गंभीर चोटों के निशान थे। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। युवती को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
युवती भारती ने पुलिस को बताया कि उसके पिता की करीब डेढ़ साल पहले बीमारी से मौत हो गई थी। इसके बाद घर की जिम्मेदारी उसकी मां पर आ गई। मां सिलाई का काम करती थी। गांव में सामने रहने वाले सुखराज प्रजापति ने कई बार आर्थिक मदद की। जिससे दोनों परिवारों में नजदीकियां बढ़ गईं। इसी दौरान सुखराज और उसकी मां के बीच संबंध बन गए।
भारती का आरोप है कि सुखराज अक्सर उनके घर आकर शराब पीता था। घटना वाले दिन भी वह दोपहर में घर आया। उस वक्त उसकी मां खेत गई हुई थी। शराब पीने के बाद सुखराज ने उसके साथ गलत हरकत करने की कोशिश की। उसने विरोध किया। लेकिन हालात बिगड़ते चले गए। खुद को बचाने के लिए उसने घर में रखा फरसा उठाया और सुखराज के सिर पर हमला कर दिया। गिरने के बाद भी उसने दो बार और वार किए, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
हत्या के बाद भारती करीब एक किलोमीटर पैदल चलकर थाने पहुंची। पुलिस के मुताबिक, सुखराज सपा का बूथ अध्यक्ष और सक्रिय कार्यकर्ता था। उसकी पत्नी ने भी अलग बयान दिया है। जिसकी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच जारी है।