बांदा

UP में भीषण गर्मी का कहर: बांदा 47.6° के साथ सबसे गर्म, रेड अलर्ट जारी

Bundelkhand heatwave:मंगलवार को बांदा 47.6°C के साथ यूपी में सबसे गर्म रहा। झांसी 45.2°, आगरा 44.4° दर्ज हुआ। बुंदेलखंड में लू का कहर, जनजीवन प्रभावित। मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया, अगले 3-4 दिन राहत नहीं है।
2 min read
• •
Updated: 28 Apr 2026, 7:47 PM IST
Feature image
सांकेतिक फोटो

उत्तर प्रदेश में गर्मी ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। मंगलवार को बुंदेलखंड का बांदा जिला 47.6 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ पूरे प्रदेश में सबसे गर्म रहा। यह तापमान सामान्य से 5.4 डिग्री ज्यादा है। दोपहर में सड़कें तपने लगीं और लू के थपेड़ों ने लोगों को घरों में कैद रहने को मजबूर कर दिया।

बुंदेलखंड में लू का सबसे ज्यादा प्रकोप

मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, बुंदेलखंड और आसपास के जिले भट्टी की तरह तप रहे हैं। बांदा के बाद झांसी में 45.2 डिग्री, आगरा में 44.4 डिग्री और प्रयागराज व हमीरपुर दोनों जगह 44.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। इन जिलों में सुबह 10 बजे से ही लू चलनी शुरू हो गई, जो शाम 5 बजे तक जारी रही। गर्म हवाओं के कारण बाहर निकलना मुश्किल हो गया।

मध्य और पूर्वी यूपी भी झुलसा

मध्य उत्तर प्रदेश में भी गर्मी ने तेवर दिखाए। राजधानी लखनऊ में पारा 40.8 डिग्री तक पहुंचा, वहीं कानपुर नगर में 41.3 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। फुरसतगंज और सुल्तानपुर में भी तापमान 40 डिग्री के पार रहा। पूर्वी यूपी में वाराणसी 40.9 डिग्री के साथ सबसे गर्म रहा। गोरखपुर में 38.1 डिग्री और आजमगढ़ में 36.5 डिग्री तापमान रहा, लेकिन 70% से ज्यादा नमी के कारण उमस ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया।

पश्चिमी यूपी में भी राहत नहीं

पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ में 41.2 डिग्री, मुजफ्फरनगर में 40.6 डिग्री और अलीगढ़ में 42.1 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। खेतों में काम कर रहे किसानों और मजदूरों को सबसे ज्यादा दिक्कत का सामना करना पड़ा। वही भीषण गर्मी का सीधा असर रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ा है। दोपहर 12 से 4 बजे तक बांदा, झांसी और प्रयागराज के बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। जिला अस्पतालों में हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन और उल्टी-दस्त के मरीजों की संख्या 30% तक बढ़ गई है। बांदा जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. आरके गुप्ता ने बताया कि ओपीडी में रोज 80-90 मरीज सिर्फ गर्मी से जुड़ी बीमारियों के आ रहे हैं।

मौसम विभाग का अलर्ट: अभी राहत नहीं

कानपुर स्थित मौसम केंद्र के मौसम वैज्ञानिक सुनील पांडे के अनुसार, राजस्थान से आ रही शुष्क और गर्म पछुआ हवाओं के कारण अगले 3-4 दिन तक लू से राहत नहीं मिलेगी। बुंदेलखंड, मध्य यूपी और प्रयागराज मंडल के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया गया है। 1 मई के बाद पश्चिमी विक्षोभ के कारण हल्की बारिश हो सकती है, लेकिन तब तक तापमान 45 डिग्री के ऊपर ही रहेगा।

प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी

राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने लोगों से दोपहर 12 से 4 बजे तक बाहर न निकलने की अपील की है। साथ ही ज्यादा पानी पीने, हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने, सिर ढककर निकलने और खाली पेट बाहर न जाने की सलाह दी गई है। मनरेगा मजदूरों के काम का समय सुबह 6-10 बजे तक कर दिया गया है।

फिलहाल पूरा प्रदेश गर्मी की चपेट में है और सबकी निगाहें मानसून की आमद पर टिकी हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि इस बार मई में भी गर्मी नए रिकॉर्ड बना सकती है।

Also Read
View All
‘हमसे बड़ा गुंडा पूरे देश में कोई नहीं…’, बांदा में मुख्तार अंसारी और धनंजय सिंह का जिक्र कर ये क्या बोल गए OP राजभर

‘जीवित लोगों का ही ख्याल नहीं, मृतकों से क्या अपेक्षा करें’, अखिलेश यादव का BJP पर हमला, बोले- स्वास्थ्य मंत्रालय छुट्टी पर है क्या?

‘जिंदा हूं साहब, फिर भी पेंशन बंद!’ किसान का वीडियो शेयर कर कांग्रेस ने भाजपा सरकार को घेरा

महंगी कार नहीं मिली तो दी जान से मारने की धमकी! बांदा की विवाहिता ने GST इंस्पेक्टर पति और ससुराल वालों पर दर्ज कराया केस

जान का खतरा बताकर पहुंचे बांदा कोर्ट! मुख्तार अंसारी के बेटे अब्बास और बहू निखत बानो की पेशी पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम