बांदा

यूपी में भीषण गर्मी का कहर: बांदा का तापमान 48.2°C, झांसी-आगरा में भी पारा 46 पार, ऑरेंज अलर्ट जारी

Banda's temperature crossed 48 degrees: उत्तर प्रदेश में बुंदेलखंड इलाका भट्टी बन चुका है। यहां का तापमान 48 डिग्री को पार कर गया। मौसम विभाग ने आज और कल 21 मई के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
2 min read
May 20, 2026
भीषण गर्मी, फोटो सोर्स- पत्रिका
फोटो सोर्स- पत्रिका

Very bad weather: मौसम की मार से लोगों का हाल बेहाल है। अधिकतम तापमान 50 डिग्री छूने को बेताब है। बांदा में अधिकतम तापमान 48.2 डिग्री दर्ज किया गया। झांसी, आगरा और हमीरपुर का तापमान 46 डिग्री को पार कर गया है। जबकि प्रयागराज का तापमान 45.8 डिग्री पहुंच गया। प्रदेश में 28 जिलों का अधिकतम तापमान 40 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया है। सबसे कम 36.9 डिग्री तापमान गोरखपुर का रहा।‌ प्रदेश के न्यूनतम तापमान में सबसे अधिक हमीरपुर का 29.2 डिग्री दर्ज किया गया है। बनारस और जौनपुर का न्यूनतम तापमान 29 डिग्री पहुंच गया है। मौसम विभाग ने आज 20 मई और 21 मई के लिए ऑरेंज, येलो अलर्ट जारी किया है, जिसके अनुसार तापमान 40 से 50 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। हीटवेव चलने की चेतावनी दी गई है।

बांदा तप रहा

उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। मंगलवार 19 मई को प्रदेश के कई जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। सबसे अधिक तापमान बांदा में 48.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे यह प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा। तेज धूप और लू के थपेड़ों के कारण सड़कों पर सन्नाटा दिखाई पड़ा।

झांसी-आगरा-हमीरपुर 46 के पार

मौसम विभाग से जारी आंकड़ों के अनुसार, झांसी और आगरा का तापमान 46.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि हमीरपुर का 46.2 डिग्री, प्रयागराज का 45.8 डिग्री और कानपुर एयर फोर्स स्टेशन का तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इन जिलों का तापमान 40 डिग्री से अधिक

जारी आंकड़ों के अनुसार अलीगढ़ का तापमान 42.6 डिग्री दर्ज किया गया है, जबकि अयोध्या, बलिया, बरेली, बुलंदशहर, इटावा, फतेहपुर, गौतम बुद्ध नगर, हरदोई, लखीमपुर खीरी, लखनऊ एयरपोर्ट, मैनपुरी, मथुरा, मेरठ, शाहजहांपुर, सुल्तानपुर और बनारस का तापमान 40 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया है। आजमगढ़, बहराइच, बाराबंकी, फुरसतगंज, गोरखपुर और कुशीनगर जिले ऐसे हैं जहां का तापमान 35 से 40 डिग्री के बीच दर्ज किया गया है।

हीटवेव और अधिकतम तापमान का ऑरेंज-येलो अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के बुंदेलखंड और मध्य यूपी के जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की है। विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर में घर से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और सिर ढककर बाहर निकलने की सलाह दी है। जारी चेतावनी के अनुसार आज और कल भी हीटवेव चलने की संभावना है इसके साथ तापमान के 40 से 50 डिग्री के बीच रहने का पूर्वानुमान जारी किया गया है।

Updated on:
20 May 2026 06:30 am
Published on:
20 May 2026 06:30 am