बांदा

UP Weather Alert: बांदा बना सबसे गर्म शहर, 42.6°C के साथ रिकॉर्ड—अभी और बढ़ेगी तपिश

UP Heatwave Alert:उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी बढ़ गई है। बांदा 42.6°C के साथ सबसे गर्म रहा। कई जिलों में तापमान 40°C पार पहुंचा। मौसम विभाग ने लू की चेतावनी दी है और लोगों को दोपहर में बाहर न निकलने की सलाह दी है।

2 min read
Apr 15, 2026

April Weather:उत्तर प्रदेश में गर्मी ने अप्रैल के मध्य में ही अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। प्रदेश के कई जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने लगा है। ताजा आंकड़ों के मुताबिक, बांदा सबसे गर्म शहर के रूप में सामने आया है, जहां अधिकतम तापमान 42.6°C दर्ज किया गया। खासतौर पर बुंदेलखंड क्षेत्र में भीषण गर्मी का असर सबसे ज्यादा देखने को मिल रहा है।

ये भी पढ़ें

Kanpur Weather: 7 दिन में 10.6°C चढ़ा पारा, अप्रैल में ही जून जैसी तपिश; गर्मी ने बढ़ाई मुश्किलें

बांदा के बाद झांसी सबसे गर्म

अन्य प्रमुख शहरों की बात करें तो झांसी में 40.5°C, प्रयागराज में 40.4°C और वाराणसी (BHU) में 40.1°C तापमान दर्ज किया गया। इसके अलावा सुल्तानपुर 40.0°C, आगरा 39.8°C, आजमगढ़ 39.4°C और बहराइच 39.0°C तक पारा पहुंच गया। वहीं राजधानी लखनऊ में 38.1°C, जबकि गोरखपुर और वाराणसी में करीब 38.6°C तापमान रिकॉर्ड किया गया।

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी गर्मी का असर साफ नजर आ रहा है। मेरठ में 37.5°C, बरेली में 37.4°C, जबकि मुरादाबाद और हरदोई में 36.5°C तापमान दर्ज किया गया। सबसे कम तापमान बिजनौर में 32.6°C रहा, जो अन्य जिलों की तुलना में कुछ राहत भरा माना जा रहा है।

मौसम विभाग की चेतावनी: लू का खतरा

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, प्रदेश में इस समय शुष्क और गर्म हवाओं का प्रभाव बना हुआ है, जिसके कारण तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। विशेषज्ञों का अनुमान है कि बांदा और आसपास के बुंदेलखंड क्षेत्रों में तापमान आने वाले दिनों में 44°C के करीब पहुंच सकता है। इसके साथ ही कई जिलों में लू चलने की भी प्रबल संभावना है।

मौसम विभाग ने अगले 3 से 5 दिनों के लिए चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तेज धूप और गर्म हवाएं चलेंगी। लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है।

कैसे करें बचाव?

भीषण गर्मी और लू से बचने के लिए विशेषज्ञों ने कुछ जरूरी सावधानियां बताई हैं—

दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं और शरीर को हाइड्रेट रखें

धूप में निकलते समय सिर, आंख और चेहरे को ढककर रखें

हल्के, ढीले और सूती कपड़े पहनें

खाली पेट बाहर न निकलें और समय-समय पर हल्का भोजन लेते रहें। वही विशेषज्ञों का कहना है कि बच्चों, बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों को इस दौरान ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत है। लापरवाही स्वास्थ्य पर भारी पड़ सकती है।

Also Read
View All