बैंगलोर

जिस पत्नी ने 8 साल पहले जेल से छुड़ाया, उसी की बेरहमी से की हत्या! बेंगलुरु सामूहिक हत्याकांड में बड़ा खुलासा

Bengaluru Mass Murder Case: कैब चालक इंदुशेखर (52) पर पत्नी और ससुराल के छह अन्य सदस्यों की हत्या का आरोप है। अब 2018 के लूट मामले और शवों को ठिकाने लगाने में इस्तेमाल कार से जुड़े चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं।
4 min read
• •
Updated: 11 Nov 2026, 12:56 PM IST
Bengaluru Indushekhar Crime
आरोपी इंदुशेखर और उसकी पत्नी सुनीता (Photo: IANS)

Indushekhar Murder Case: बेंगलुरु में पत्नी समेत उसके मायके के सात लोगों की हत्या के मामले में रोज नए खुलासे हो रहे हैं। जांच में सामने आया है कि आरोपी पति एस. इंदुशेखर (52) करीब दो सप्ताह पहले ही 2018 के एक लूट के मामले में सुनवाई के लिए अदालत पहुंचा था। हैरानी की बात यह है कि इसी मामले में उसकी पत्नी सुनीता (40) ने उसे जमानत दिलाने के लिए गारंटी दी थी। अब उसी पत्नी की हत्या का आरोप उस पर है।

पत्नी ने दी थी जमानत की गारंटी; बच्चे पर भी नहीं किया रहम

कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के राजाजीनगर में पत्नी और उसके मायके के छह अन्य सदस्यों की सामूहिक हत्या के मामले में कई चौंकाने वाली जानकारियां सामने आई हैं। 52 वर्षीय टैक्सी चालक इंदुशेखर उर्फ अर्जुन पर अपनी पत्नी सुनीता, सास रुपवती और ससुराल के पांच अन्य सदस्यों की हत्या करने का आरोप है। पुलिस जांच में पता चला है कि आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। वह साल 2018 के एक सशस्त्र लूट के मामले में मुख्य आरोपियों में शामिल है।

इस मामले का सबसे हैरान करने वाला पहलू यह है कि जिस पत्नी ने कभी अपने पति को जेल से बाहर निकालने के लिए जमानत की गारंटी दी थी, उसी पत्नी को उसने बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया। कथित तौर पर इसमें उसकी नाबालिग बेटी ने भी साथ दिया। यहां तक की इंदुशेखर ने अपनी पत्नी के भाई के मासूम बेटे पर भी रहम नहीं किया और उसे भी मार डाला। वह अपने साले के 10 वर्षीय बेटे को भी मारना चाहता था, लेकिन तब तक उसे पुलिस ने दबोच लिया।

पुलिस के मुताबिक, इंदुशेखर को 2018 में मदनायकनहल्ली के एक मंदिर उत्सव के दौरान पार्किंग क्षेत्र में हुई सोने की लूट के मामले में गिरफ्तार किया गया था। यह घटना 7 जून 2018 की है। आरोपी पर एक दंपती से करीब 4.5 लाख रुपये का सोना लूटने का आरोप है।

इस मामले में गिरफ्तारी के बाद उसकी पत्नी सुनीता ने उसे जमानत दिलाने के लिए गारंटर बनने की सहमति दी थी। बेंगलुरु ग्रामीण जिला सत्र न्यायालय ने 2022 में इंदुशेखर को जमानत दी थी। उस समय सुनीता ने गारंटी पत्र के साथ अपनी संपत्ति के दस्तावेज, आधार कार्ड, टैक्स भुगतान की रसीद और अन्य जरूरी कागजात अदालत में जमा किए थे।

लेकिन आरोप है कि पिछले महीने 16 अक्टूबर को इंदुशेखर ने उसी सुनीता और उसकी 65 वर्षीय मां रुपवती की हत्या कर दी।

सात साल पुराने लूट के मामले में मुख्य आरोपी है इंदुशेखर

इंदुशेखर को अर्जुन के नाम से भी जाना जाता है। वह 2018 में हुई सशस्त्र लूट के मामले में छह आरोपियों में से एक है। इस मामले में उसके साथ हेमंत कुमार, मनोज, चेतन, लोकेश और धनुष भी आरोपी हैं। सभी पर मंदिर के पार्किंग क्षेत्र में एक दंपती से सोना लूटने का आरोप लगाया गया है। 25 जून 2024 को इस मामले में इंदुशेखर और उसके पांच साथियों के खिलाफ आरोप तय किए गए थे। मामले की अगली सुनवाई दिसंबर में होनी है।

पुलिस के अनुसार, लूट की वारदात में इस्तेमाल की गई कार इंदुशेखर की थी। आरोप है कि उसने इस कार पर फर्जी नंबर प्लेट लगाई थी और पुलिस लिखा हुआ नेमप्लेट भी लगाया था।

कार पर लगे स्टिकर से पकड़ा गया था इंदुशेखर

2018 की लूट की जांच के दौरान पुलिस को इंदुशेखर की कार पर लगे 'पुलिस वाणी' नाम के स्टिकर से अहम सुराग मिला था। गिरफ्तारी के बाद उसने खुद को प्रतिष्ठित नागरिक बताते हुए पुलिस का मुखबिर होने का दावा किया था। उसने यह भी कहा था कि वह 'पुलिस वाणी' नाम के स्थानीय प्रकाशन के लिए पत्रकार के तौर पर काम करता है।

वहीं, हालिया हत्याकांड में शवों को अलग-अलग जगहों पर ठिकाने लगाने के लिए भी उसी कार का इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, 16 अक्टूबर से 31 अक्टूबर के बीच आरोपी ने इसी कार से सभी शवों को कर्नाटक और तमिलनाडु के दूरदराज के पहाड़ी और जंगलों वाले इलाकों में पहुंचाया। उस समय कार पर 'प्रेस' का स्टिकर लगा हुआ था।

हत्या के बाद अलग-अलग पहाड़ी इलाकों में फेंके शव

पुलिस जांच के अनुसार, इंदुशेखर पर अपनी पत्नी सुनीता और उसकी मां रुपवती के अलावा सुनीता के दो भाइयों शिवकुमार (40) और शंकर (44), उनकी पत्नियों दिव्या (30) और नलिनी (29) तथा शिवकुमार के सात वर्षीय बेटे पुनीत की हत्या का आरोप है।

पुलिस को अब तक अलग-अलग स्थानों से शव बरामद हुए हैं। सात वर्षीय पुनीत का शव बेंगलुरु के बाहरी इलाके नंदी हिल्स में मिला। सुनीता और उसकी मां रुपवती के शव तमिलनाडु के सलेम के पास येरकाड पहाड़ी क्षेत्र में बरामद किए गए। वहीं, एक साले और उसकी पत्नी के शव मैसूर के पास चामुंडी हिल्स इलाके में मिले हैं। आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस मंगलुरु के पास शिराडी घाट क्षेत्र में दो अन्य शवों की तलाश कर रही है।

संपत्ति विवाद और पत्नी पर शक बना हत्या की वजह?

पुलिस इस सामूहिक हत्याकांड के पीछे कई संभावित कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में संपत्ति विवाद, वैवाहिक तनाव और आरोपी के संदेही स्वभाव को अहम वजह माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि इंदुशेखर को अपनी पत्नी के चरित्र पर भी संदेह था।

इसके अलावा पुलिस आरोपी की नाबालिग बेटी पर उसके प्रभाव की भी जांच कर रही है। जांच एजेंसियों को आशंका है कि आरोपी ने 17 वर्षीय बेटी को उसकी मां के परिवार के खिलाफ भड़काया था। शवों को ठिकाने लगाने में भी उसकी मदद ली थी। हालांकि, इसकी पुष्टि करने के लिए पुलिस अभी जांच कर रही है।

Updated on:
11 Nov 2026, 12:56 PM IST
Published on: