
बेंगलूरु. भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक शुक्रवार को दोपहर 12:00 बजे शहर के पैलेस मैदान के गायत्री विहार में होगी। प्रदेश अध्यक्ष बी.एस. येड्डियूरप्पा बैठक का उद्घाटन करेंगे।
बैठक में पार्टी नेता प्रदेश के मौजूदा राजनीतिक परिदृृश्य के बारे में विचार-विमर्श करेंगे और विधानमंडल के बजट सत्र के दौरान पार्टी की रणनीति पर भी चर्चा करेंगे। बैठक में अगले साल होने जा रहे लोकसभा के चुनाव की तैयारियां बैठक का प्रमुख एजेंडा है।
इस दौरान पार्टी नेता प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्यों को लोकसभा के चुनाव की तैयारियों में जुट जाने व प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सरकार की चार सालों की उपलब्धियों के बारे में घर घर जाकर प्रचार करने पर विशेष बल देंगे।
विधानसभा के चुनाव के बाद पहली बैठक में पार्टी के पूर्ण बहुमत पाने से वंचित रहने के कारणों की समीक्षा किए जाने के आसार हैं। इसी तरह पार्टी संगठन को निचले स्तर पर और मजबूत बनाने के कार्यक्रमों की रुपरेखा तय की जाएगी। इसके अलावा बैठक में विधान परिषद में विपक्ष के नेता पद के लिए योग्य नेता का चुनाव पर भी चर्चा की संभावना है।
बैठक में केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार, डी.वी. सदानंद गौड़ा, रमेश जिगजिणगी, अनंत कुमार हेगड़े, प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव, केएस ईश्वरप्पा, आर.अशोक, जगदीश शेेट्टर, प्रहलाद जोशी के अलावा पार्टी के सांसद, विधायक, विधान परिषद सदस्य, सभी जिलाध्यक्ष व विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी भाग लेंगे।
----------
गठबंधन सरकार पांच सालों तक चलेगी: प्रियांक खरगे
बेंगलूरु. समाज कल्याण मंत्री प्रियांक खरगे ने कहा कि जद-एस- कांग्रेस की गठबंधन सरकार पांच साल तक चलेगी और कुमारस्वामी के नेतृत्व वाली सरकार को कोई खतरा नहीं हैं।
खरगे ने गुरुवार को कलबुर्गी जिले के चित्तापुर में संवाददाताओं से कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धरामय्या ने यह नहीं कहा है कि इस गंठबंधन सरकार की आयु केवल एक साल है। हमने जद-एस के साथ अगले पांच साल तक स्थिर सरकार देने का अनुबंध किया है। गठबंधन सरकार के कार्यकाल को लेकर न तो कोई उलझन है, न सरकार के घटक दलों के बीच किसी तरह के मतभेद हैं।
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि वे लोगों को पेश आ रही समस्याओं का समाधान करने को पहली वरीयता देते हैं और उसके बाद ही सरकार व पार्टी के बारे में विचार किया करते हैं। लिहाजा व्यक्तिगत तौर पर किसी भी व्यक्ति के लिए बैटिंग करने का सवाल ही नहीं उठता है।