
बेंगलूरु. पूर्व प्रधानमंत्री व जद-एस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एच डी देवेगौड़ा ने कहा कि कुमारस्वामी सरकार लंबे समय तक चलेगी। साथ ही कहा कि कांग्रेस के साथ कुछ मसलों पर मतभेद के बावजूद अगला लोकसभा चुनाव राज्य में दोनों मिलकर लड़ेगी। दिल्ली में गुरुवार को पत्रकारों से बातचीत में पूर्व मुख्यमंत्री और गठबंधन समन्वय समिति के अध्यक्ष सिद्धरामय्या के एच डी कुमारस्वामी सरकार के लोकसभा चुनाव तक चलने संबंधी टिप्पणी के बारे में पूछे जाने पर देवेगौड़ा ने कोई प्रतिक्रिया व्यक्त करने से इनकार कर दिया। देवेगौड़ा ने कहा कि ये उनकी राय है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और जद-एस नेताओं के बीच कोई समस्या नहीं है लिहाजा अफवाहों पर ध्यान ना दें। देवेगौड़ा ने कहा कि मीडिया में अफवाहों और नेताओं की अनावश्यक बयानबाजी के कारण चिंता है लेकिन इसमें कुछ भी गंभीर नहीं है। कुमारस्वामी के कार्यकाल पूरा करने का विश्वास जताते हुए देवेगौड़ा ने कहा कि निश्चित तौर पर सरकार को कोई खतरा नहीं है। देवेगौड़ा ने कहा कि इस मसले पर कांग्रेस नेताओं से उनकी कोई बातचीत नहीं हुई है।
सीटों के बंटवारे पर अभी बात नहीं
दोनों दलों ने 1 जून को साथ मिलकर लोकसभा चुनाव लडऩे की घोषणा की थी। हालांकि, सीटों के बंटवारे को लेकर अभी सहमति नहीं बनी है लेकिन राजनीतिक गलियारों में कांग्रेस के 18 और जद-एस के 10 सीटों पर चुनाव लडऩे की चर्चा है। इस बारे में पूछे जाने पर देवेगौड़ा ने कहा कि इस मसमले पर अभी कांग्रेस के साथ कोई चर्चा नहीं हुई।
राहुल और कुमारस्वामी इस पर चर्चा कर सीटों के बंटवारे को अंतिम रुप देंगे। देेवेगौड़ा ने कहा कि जद-एस राज्य में बसपा को एक लोकसभा सीट देने के लिए तैयार है लेकिन इसके बदले जद-एस उत्तर प्रदेश में बसपा से एक सीट देने की मांग करेगी, जहां से पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव कुंवर दानिश अली चुनाव लड़ेंगे। देवेगौड़ा ने कहा कि केरल में वाम लोकतांत्रिक मोर्चा जद-एस को एक सीट देगा। देवेगौड़ा ने कहा कि अगले लोकसभा चुनाव में उनके मण्ड्या से चुनाव लडऩे पर अभी पार्टी ने कोई निर्णय नहीं लिया है।