कई सूत्र तलाश रही पार्टी, एचके पाटिल से मिले शिवकुमार
बेंगलूरु. कर्नाटक में मंत्री पद से वंचित रहे विधायकों में बढ़ते असंतोष को दबाने के लिए कांग्रेस अब हर दावेदार को अपने कोटे के छह पद रिक्त होने का हवाला देकर अगले विस्तार में मंत्री बनाने का भरोसा दे रही है।
पार्टी आलाकमान ने प्रदेश अध्यक्ष व उपमुख्यमंत्री डॉ जी परमेश्वर, मंत्री डी के शिवकुमार, आर वी देशपांडे, कृष्णा बैरेगौड़ा, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष दिनेश गुंडूराव, के जे जार्ज को नाराज विधायकों व नेताओं को राजी करने की जिम्मेदारी सौंपी है। नेताओं की यह टीम हर असंतुष्ट से मिलकर उन्हें गठबंधन की मजबूरियों का हवाला देकर समझाने की कोशिश कर रही है। साथ ही छह पदों को भरने के लिए होने वाले विस्तार में मंत्री बनने की संभावनाएं भी दिखा रही है। शिवकुमार ने शनिवार को पूर्व मंत्री एचके पाटिल से उनके आवास पर मुलाकात की और उन्हेें मनाने की कोशिश की।
परमेश्वर ने अपने आवास पर देशपांडे के साथ हालात पर चर्चा की। परमेश्वर और देशपांडे ने बाद में संवादाताओं से बातचीत में कहा कि मंत्रिमंडल का अगला विस्तार ज्लद ही होगा और उसमें कांग्रेस कोटे के पद भरे जाएंगे।
इसके बाद दो साल बाद मंत्रिमंडल में फेरबदल होगा और उस समय भी बाकी नेताओं को मंत्री बनने का मौका मिलेगा, इसलिए नेताओं को निराश होने के बजाय इंतजार करना चाहिए। दोनों नेताओं ने कहा कि यह गठबंधन सरकार है, इसलिए सभी नेताओं की मंत्री बनने की आकांक्षएं एक साथ पूरी नहीं हो सकती लेकिन चरणबद्ध तरीके से सभी को मौका िमिलेगा। इस बीच, परमेश्वर ने रविवार को पार्टी के सांसदों की बैठक बुलाई है।
पार्टी का आंतरिक मामला
पाटिल के विपरीत दिनेश गुंडूराव व कृष्णा बैरेगौड़ा ने मीडिया से बात नहीं की। दोनों नेताओं ने कहा कि राहुल से जिन मसलों पर उन लोगों ने बात की वह पार्टी का आंतरिक मामला है। गौड़ा ने कहा कि हम मतभेद दूर करने का प्रयास कर रहे हैं। अभी बातचीत चल रही है। अब तक कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है।