
राज्य में वाणिज्य तथा सहकारिता क्षेत्र के कई बैंक किसानों को ऋण का भुगतान करने के लिए नोटिस जारी कर रहें है
कलबुर्गी. प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बी एस येड्डियूरप्पा ने गुरुवार को कहा कि कुमारस्वामी सरकार ऋण माफी के नाम पर किसानों से खिलवाड़ कर रही है। सार्वजनिक क्षेत्र की बैंकों ने राज्य सरकार को स्पष्ट कर दिया है कि जब तक सरकार किसानों के ऋण का भुगतान नहीं करती, तब तक बैंको के लिए किसानों को ऋणमाफी पत्र देना संभव नहीं है।
उन्होंने यहां गुरुवार को कहा कि मुख्यमंत्री कुमारस्वामी ऋण माफी के मामले को लेकर कोई स्पष्ट घोषणा नहीं कर किसानों को भ्रमित कर रहे हैं। बैंकों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ संपन्न बैठक में भी अधिकारियों ने स्पष्ट किया था कि जब तक सरकार किसानों के बकाया ऋण का भुगतान नहीं करेगी, तब तक बैंक किसानों को ऋणमुक्ति का प्रमाणपत्र नहीं दे सकते है। राज्य में वाणिज्य तथा सहकारिता क्षेत्र के कई बैंक किसानों को ऋण का भुगतान करने के लिए नोटिस जारी कर रहें है। राज्य सरकार की लापरवाही के कारण किसान परेशान हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार को इस मामले को लेकर किसानों के साथ की जा रही खिलवाड़ बंद कर ऋण के भुगतान के आवश्यक कार्रवाई करनी चाहिए अगर एक सप्ताह में सरकार कोई कार्रवाई नहीं करती है तो इस मांग को लेकर भाजपा राज्यव्यापी अभियान चलाएगी। उन्होंने कहा कि उत्तर कर्नाटक में अपेक्षित बारिश नहीं होने से वहां 60 फीसदी बुवाई संभव नहीं हुई है। मुख्यमंत्री कुमारस्वामी तथा कृषि मंत्री शिवशंकर रेड्डी को क्षेत्र का दौरा कर किसानों की मदद करनी चाहिए।
पशु कल्याण मामले पर सीएम से चर्चा आज
बेंगलूरु. भारतीय जीव जंतु कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष एस पी गुप्ता के नेतृत्व बोर्ड का दल मुख्यमंत्री एच डी कुमारस्वामी से शुक्रवार को मिलेगा। इस दौरान पशु कल्याण पर चर्चा होगी। डॉ श्रीकृष्ण मित्तल, गिरीश जे शाह, रामकृष्ण रघुवंशी, सुनील मानसिंघका भी मौजूद रहेेंगे।