
बेंगलूरु. राज्य सरकार ने पिछले माह राज्य के कोडग़ू जिले में भारी बारिश के कारण हुई जान-माल, पशुधन की क्षति सहित आपात राहत कार्य चलाने के लिए 20 करोड़ रुपए की धनराशि जारी की है। सरकारी आदेश के अनुसार यह धन राज्य आपदा राहत कोष से जारी किया गया है। आदेश में कहा गया है कि इस साल कोड़ुगू जिले में बारी बारिश के कारण आई बाढ़ के कारण हुई जन हानि, पशुुधन की हानि, फसलों को पहुंचे नुकसान तथा सड़क, बिजली, पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं को पहुंची क्षति के कारण आपात राहत कार्य शुरू करने हैं। जिलाधिकारी के खाते में कम धनराशि होने के कारण बुनियादी ढांचे की मरम्मत का कार्य हो नहीं पा रही है।
लिहाजा कोड़ुगु जिले को प्राकृतिक आपदा राहत कार्य के लिए राज्य आपदा प्रबंधन कोष से अनुदान जारी करने का सरकार ने निर्णय किया है। लिहाजा सरकार ने कोड़ुगु जिलाधिकारी को राहत कार्य चलाने के लिए 20 करोड़ रुपए जारी करने का निर्णय किया है। आदेश में कहा गया है कि जारी राशि का इस्तेमाल केन्द्र सरकार द्वारा प्राकृतिक आपदा राहत कार्य के बारे में जारी दिशा निर्देश के अनुसार करना होगा। जिस मद के लिए अनुदान जारी किया है, उसे उसी मद में खर्च करना होगा और धन के इस्तेमाल का प्रमाण पत्र भी पेश करना होगा। धन का इस्तेमाल करने में किसी प्रकार की खामी के लिए जिलाधिकारी खुद जिम्मेदार होंगे।
भूस्खलन से हासन-मेंगलूरु रेल सेवा ठप
मेंगलूरु. दक्षिण कन्नड़ जिले के सुब्रमण्या तथा हासन जिले के सकलेशपुर घाट क्षेत्र के एडकुमारी-शिरुबागिलू रेलवे स्टेशन के बीच मूसलाधार बारिश के कारण भूस्खलन से हासन-मेंगलूरु के बीच रेल सेवा बाधित हो गई। कोंकण रेलवे के मुताबिक यशवंतपुर-मेंगलूरु जंक्शन-कारवार रेल सेवा आंशिक स्थगित की गई है। इस रेल को हासन स्टेशन पर रोका गया है।
जो हासन से मेंगलूरु जंक्शन तथा कारवार तक निरस्त की गई है। इसके अलावा मेंगलूरु-बेंगलूरु रेल सेवा भी स्थागित की गई है। भूस्खलन के कारण इस मार्ग की रेल की पटरी पर पहाड़ी की मलबा गिरने के कारण इस लाइन पर रेल सेवा रोकने का फैसला किया गया है। रेल यात्रियों को गंतव्य स्थान तक पहुंचने के लिए हासन से विशेष बस की सुविधा उपलब्ध की गई है। गत दो माह के दौरान इस लाइन पर चौथी बार रेल सेवा स्थगित की
गई है।