
बेंगलूरु. कर्नाटक होजरी एन्ड गारमेंट एसोसिएशन (खागा) की ओर से तीन दिवसीय गारमेंट फेयर इनोवेटिव-2018 सोमवार को बेंगलूरु इंटरनेशनल में शुरू हुआ। खागा अध्यक्ष गौतम पोरवाल, मंत्री प्रकाश भोजाणी, मुख्य अतिथि चैम्बर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष सुधाकर एस शेट्टी, उपाध्यक्ष पेरिकल एम सुंदर, व्यवसायी गिरधारीलाल राजपुरोहित, संयोजक राजेंद्र बाहेती ने दीप प्रज्वलित किया। अध्यक्ष गौतम ने स्वागत किया। मंत्री भोजाणी ने खागा के कार्यकलापों की जानकारी दी।
मुख्य अतिथि शेट्टी ने समूचे गारमेंट पर 5 प्रतिशत जीएसटी की मांग पर सहकार का आश्वासन दिया। पूर्व अध्यक्ष उम्मेदमल बुच्चा, विमल खांटेड, हाथीमल बैद, नेमीचंद जैन, सज्जन राज मेहता, पहाड़ सिंह राजपुरोहित, मनोज कुमार गर्ग, दिलीप कुमार जैन आदि ने उपाध्यक्ष डूंगरमल चोपड़ा, बिशनसिंह विराना, कोषाध्यक्ष छगन लाल जैन, सहमंत्री कैलाश बालर आदि का सम्मान किया। उपाध्यक्ष डूंगरमल चोपड़ा ने धन्यवाद दिया। अतिथियो ने विभिन्न स्टालों पर उत्पादों का अवलोकन किया।
पीयू बोर्ड की निदेशक का तबादला
बेंगलूरु. राज्य सरकार ने सोमवार को भारतीय प्रशासनिक सेवा के 13 अधिकारियों के तबादले कर दिए। एम कणगा वल्ली को पीयू शिक्षा बोर्ड का नया निदेशक बनाया गया है। बोर्ड की निदेशक रही सी शिखा को बेसकॉक का प्रबंध निदेशक बनाया गया है। बेसकॉम के निदेशक रहे राजेंद्र चोलन को उत्तर पश्चिम परिवहन निगम का प्रबंध निदेशक बनाया गया है। गदग और कोप्पल के जिलाधिकारी भी बदले गए हैं।
युवाओं के लिए सेमिनार 11 को
बेंगलूरु. आइएसएसीए बेंगलूरु चैप्टर की ओर से युवाओं के लिए शेषाद्रीपुरम में 11 अगस्त को सायं 5.30 बजे विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार से संबंधित नि:शुल्क सेमिनार का आयोजन किया जाएगा।
कर्म करते समय रहें सावधान
बेंगलूरु. हनुमंतनगर जैन स्थानक में साध्वी सुप्रिया ने 'भूल कर भी न करें कषायों की कमाई' विषय पर कहा कि धर्म और कर्म संसार में ऐसे दो बीज है जहां व्यक्ति जैसे करेगा उसे वैसे फल की प्राप्ति होगी। उन्होंने कहा कि हम जैसे कर्म करेंगे वैसी ही हमारी कर्मों की निर्जरा होती है।
चार कषाय संसार में परिभ्रमण कराते हैं। कर्म करते समय सावधान रहना चाहिए। कर्मों को भोगे बिना मुक्ति नहीं मिलती है। साध्वी सुविधि ने भजन प्रस्तुत किया। साध्वी सुमित्रा ने मंगलपाठ करते हुए धर्म ध्यान, तप, जप करने की प्रेरणा दी। पंचरंगी सामूहिक एकासना करने वाले श्रद्धालुओं के लकी ड्रा निकाले गए। विजेताओं व एकासना करने वालों को प्रभावना पुरस्कार दिए गए।