बैंगलोर

अनंत हेगड़े ने विपक्ष की तुलना पशु-पक्षी से की

केंद्रीय मंत्री के बिगड़े बोल

2 min read
Jun 29, 2018
anant kumar hegde
अनंत हेगड़े ने विपक्ष की तुलना पशु-पक्षी से की

बेंगलूरु. केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार हेगड़े एक बार फिर अपने बयान को लेकर विवादों में घिर गए हैं। हेगड़े ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बाघ बताया जबकि विपक्ष दलों की तुलना पशु-पक्षी से कर दी, जिसे लेकर कांग्रेस और जद-एस ने पलटवार किया है।

गुरुवार को कारवार में पार्टी कार्यकर्ताओं की सभा को संबोधित करते हुए हेगड़े ने कहा कि 2019 का लोकसभा चुनाव महत्वपूर्ण है। विपक्षी दलों की एकजुटता की मुहिम पर निशाना साधते हुए हेगड़े ने कहा कि कौवा, बंदर, लोमड़ी और अन्य सभी एक साथ आ गए हैं।

एक तरफ बाघ (टाइगर) खड़ा है और दूसरी तरफ बंदर आदि। हेगड़े ने कहा कि अब लोगों को तय करना है कि अगले लोकसभा चुनाव में किसे जीतना चाहिए,बाघ को या किसी और को। हेगड़े ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में लंबे समय तक कांग्रेस का शासन होने की वजह से ही अभी हम लोग प्लास्टिक की कुर्सी पर बैठ रहे हैं।

यदि कांग्रेस की जगह इतने दिनों तक भाजपा सत्ता में रही होती तो लोग चांदी की कुर्सी पर बैठ रहे होते। उधर, हेगड़े के बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री व वरिष्ठ कांग्रेस नेता एम वीरप्पा मोइली ने कहा कि बाघ अब ज्यादा जंगली हो गया है उसे जंगल में वापस भेज दिया जाना चाहिए। हेगड़े पहले भी अपने बयानों को लेकर विवादों में रहे है। हेगड़े की संविधान बदलने को लेकर की गई टिप्पणी के कारण कई दिनों तक संसद में हंगामा हुआ था।

इससे पूर्व मुंबई में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने पार्टी के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह में विपक्ष पर कुछ इसी तरह की टिप्पणी की थी। शाह ने तब कहा था कि देश भर में भाजपा और नरेन्द्र मोदी के नाम की बाढ़ आई हुई है। यह बाढ़ आने पर सांप, बिच्छू, नेवला, बिल्ली, कुत्ते वगैरह अपनी आपसी लड़ाई छोड़ एक साथ आए गए हैं।

Published on:
29 Jun 2018 07:49 pm