बैंगलोर

महापौर ने शुरू किया दीवारों पर लगे पोस्टर हटाने का अभियान

उच्च न्यायालय ने फ्लैक्स और होर्डिंग्स हटाने के अलावा दीवार लेखन और पोस्टर भी निकालने के निर्देश दिए
2 min read
mayor
महापौर ने शुरू किया दीवारों पर लगे पोस्टर हटाने का अभियान

बेंगलूरु. महापौर संपतराज ने शनिवार को अधिकारियों व वार्ड पार्षदों के साथ शहर के दीवारों से पोस्टर हटाने का अभियान शुरू किया। एक दिन पहले ही कर्नाटक उच्च न्यायालय ने 14 अगस्त तक शहर को बैनर-पोस्टर से मुक्त करने के आदेश दिया था।

महापौर ने कहा कि शहर की खूबसूरती को बनाए रखने में पालिका के सभी पार्षद बेंगलूरु को फ्लैक्स और होर्डिंग्स से मुक्त रखने में सहयोग करेंगे। उन्होंने शनिवार को गाधी नगर वार्ड में वाई.रामचन्द्र राव रोड पर दीवारों पर लिखावट को मिटाने और पोस्टर हटाने की मुहिम में भाग लेने के बाद बताया कि उच्च न्यायालय ने फ्लैक्स और होर्डिंग्स हटाने के अलावा दीवार लेखन और पोस्टर भी निकालने के निर्देश दिए हंै।

शनिवार और रविवार को दो दिन सरकारी छुट्टी होने के बावजूद पालिका के कर्मचरियों और सफाई कर्मचारियों ने काम जारी रखा। उन्होंने सभी 198 वार्ड पार्षदों से अनुरोध किया है कि वे अपने वार्ड में इस अभियान में भाग लें। एक सप्ताह में बेंगलूरु को फ्लैक्स और होर्डिंग्स मुक्त किया जाएगा।

शपथ समारोह के मेहमानों का खर्च भरेगा जद-एस
बेंगलूरु. मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी के शपथ ग्रहण समारोह में आए विभिन्न अतिथियों के सत्कार पर खर्च हुए 46 लाख रुपए को लेकर उठे विवाद को देखते हुए जनता दल-एस ने इसका स्वयं भुगतान करने का फैसला किया है। 23 मई को हुए इस समारोह में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, बसपा की अध्यक्ष मायावती, माकपा के राष्ट्रीय महासचिव सीताराम येचुरी इन अतिथियों के लिए शहर के पंचतारा होटल में ठहरने के प्रबंध किए गए थे। नायडू 9 घंटे होटल में ठहरे और उनका बिल 9 लाख रुपए का बना है।

नायडू के कार्यालय ने मुख्य सचिव को लिखे पत्र में बिल की इस राशि पर आश्चर्य व्यक्त करते हुए पूरे विवरण के साथ बिल की मांग की है। कुल मिलाकर शहर के इस होटल में चंद घंटों के लिए इन अतिथियों का बिल 46 लाख रुपए बन गया था इस राशि का प्रोटोकॉल विभाग की ओर से भुगतान भी किया गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए राज्य के मुख्य सचिव टीएम विजय भास्कर ने इसकी जांच के लिए एक उच्च स्तरीय समिति का गठन किया गया है। शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी तथा राहुल गांधी भी उपस्थित थे।

Published on:
12 Aug 2018 08:24 pm