
बेंगलूरु. मौजूदा हालात को देख्ते हुए प्रदेश कांग्रेस के नव नियुक्त अध्यक्ष दिनेश गुंडूराव की राह आसान नहीं होगी। उनके समक्ष सबसे बड़ी चुनौती पार्टी में अंतर्कलह दूर करने, सरकार में गठबंधन के सहयोगी जनता दल-एस के साथ समन्वय बैठाते हुए पार्टी संगठन को मजबूत करने की होगी।
भाजपा के खिलाफ राष्ट्रीय महागठबंधन बनाने की कोशिश में जुटी कांग्रेस पहले ही राज्य में जद-एस के साथ मिलकर चुनाव लडऩे की घोषणा कर चुकी है। हालांकि, अभी सीटों के बंटवारे पर सहमति नहीं बनी है। लोकसभा चुनाव में काफी कम वक्त होने के कारण दिनेश को पार्टी संगठन को जुझारू बनाने के साथ ही सक्रिय भी करना होगा ताकि जद-एस के साथ सीटों के बंटवारे में कांग्रेस मजबूत स्थिति में रहे। साथ ही पार्टी का जनाधार बढ़ाने की कोशिश भी करनी होगी ताकि लोकसभा चुनाव में अधिक सीटें जीतने के साथ ही अगले विधानसभा चुनाव में पार्टी की वापसी की राह तैयार हो सके। अगले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के लिए अपनी और सहयोगी दलों की सीटें बढ़ाना बड़ी चुनौती होगी।
राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि प्रदेश कांग्रेस की कमान किसी के भी पास हो, अंतर्कलह की समस्या पर कोई असर नहीं पड़ता, परन्तु गुण्डूराव की परीक्षा इस बात में होगी कि वे नेताओं की आपसी खींचतान किस हद तक कम कर संगठन को कितना सक्रिय कर पाते हैं।
पांचवीं बार चुने गए विधायक
पूर्व मुख्यमंत्री आर. गुंडूराव के बेटे दिनेश गुण्डूराव (४८) राजधानी बेंगलूरु के गांधीनगर विधानसभा क्षेत्र से पांचवीं बार विधायक चुने गए हैं। कुमारस्वामी मंत्रिमंडल में शामिल नहीं किए जाने के बाद से ही दिनेश को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने की चर्चा थी। मंत्री नहीं बनाए जाने के बाद दिनेश ने कभी सार्वजनिक तौर पर नाराजगी नहीं जताई जबकि एम. बी. पाटिल और एच. के. पाटिल जैसे कई नेताओं ने बागी तेवर अपनाकर कांग्रेस आलाकमन को मुश्किल में डाल दिया था। दिनेश प्रदेश युवक कांग्रेस और बेंगलूरु जिला कांग्रेस समिति के भी अध्यक्ष रह चुके हैं।
राहुल की पसंद से नियुक्ति
दिनेश को जब प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने की जानकारी मिली उस समय में वे शृंगेरी के निजी दौरे पर थे। उन्होंने बताया कि दोपहर में जब उनके पास दिल्ली से फोन आया तब उन्हें प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने की जानकारी मिली। दिनेश प्रदेश कांग्रेस के २२वें अध्यक्ष हैं और १९७० के बाद इस पद पर पहुंचने वाले तीसरे ब्राह्मण नेता हैं। उनसे पहले ब्राह्मण समुदाय से के. वी. कृष्णराव (१९९२-९५) और राजस्व मंत्री आर. वी. देशपांडे (२००८-१०) इस पद पर रहे हैं। दिनेश को २१ जून २०१६ को प्रदेश कांग्रेस का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था। इस बार के फेरबदल में पूर्व मंत्री ईश्वर खण्ड्रे (५६) को पार्टी का नया प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है।
पार्टी सूत्रों का कहना है कि दोनोंं ही नेता पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी की पसंद हैं। लोकसभा चुनाव से पहले पार्टी को एकजुट करने और संगठन को मजबूत करने के लिए राहुल ने नए नेताओं को मौका देने का निर्णय किया।