बैंगलोर

गठबंधन सरकार पर कोई आंच नहीं आने देंगे : सिद्धू

यह भी दोहराया : लोग चाहेंगे तो वे ही अगले मुख्यमंत्री बनेंगे गठबंधन सरकार के पतन के दिवास्वप्न देख रही भाजपा
2 min read
siddaramaih
गठबंधन सरकार पर कोई आंच नहीं आने देंगे : सिद्धू

बेंगलूरु. एक बार फिर मुख्यमंत्री बनने की चाहत का इजहार कर राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म करने वाले सिद्धरामय्या ने बुधवार को कहा कि मौजूदा गठबंधन सरकार को किसी प्रकार की समस्या नहीं होने दी जाएगी। कांग्रेस-जनता दल-एस गठबंधन समन्वय समिति के अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री ने पूर्व के बयान को दोहराते हुए यह भी कहा कि लोग चाहेंगे तो वे फिर से मुख्यमंत्री बनेंगे। उन्होंने भाजपा नेताओं को भी आड़े हाथों लिया और कहा कि विपक्षी दल गठबंधन सरकार के पतन का दिवास्वप्न देख रहे हैं, जो कभी साकार नहीं होगा।

सिद्धरामय्या ने बुधवार को हुब्बली हवाई अड्डे पर कहा कि लोग चाहेंगे तो मैं ही मुख्यमंत्री बनूंगा यह बात उन्होंने कही है और इसे एक बार फिर से दोहराते हैं। लेकिन किसी भी हाल में गठबंधन सरकार के लिए मुश्किलें नहीं होने दी जाएंगी। फिर से मुख्यमंत्री बनने के बयान में गलत ही क्या है? अगली बार पार्टी के सत्ता में आने पर मैं मुख्यमंत्री बनूंगा। सिद्धरामय्या ने कहा कि उनके विदेश प्रवास पर जाने के बाद सरकार के गिरने या भाजपा के सत्ता में आने की बातें सिर्फ हवाई हैं।

सिद्धरामय्या ने फिर दुहराया कि उनके अभी मुख्यमंत्री बनने का सवाल ही नहीं उठता है। उन्होंने कहा कि गठबंधन सरकार को गिराकर सत्ता में आने का प्रयास कर रही भाजपा को सफलता नहीं मिलेगी। गठबंधन सरकार स्थिर है और बेहतर प्रशासन दे रही है। सरकार के हरेक फैसले से पहले उसके बारे में समन्वय समिति में चर्चा की जाती है ऐसे में मेरी उपेक्षा किए जाने के आरोप अर्थहीन हैं। कुमारस्वामी की सरकार न सिर्फ उनकी पिछली सरकार की सभी योजनाओं को जारी रखा है और इनके लिए अनुदान जारी करने की भी बात कही है। उन्होंने इस बात से इनकार किया कि कांग्रेस नेताओं के बर्ताव से तंग आकर जद-एस के विधायकों व नेताओं ने पार्टी के प्रदेश प्रभारी केसी वेणुगोपाल को पत्र लिखा है। उन्होंने कांग्रेस के विधायकों के भाजपा में शामिल होने की बातों को मनगढं़त बताया।


श्रीरामुलू को विकास की चुनौती
सिद्धरामय्या ने बागलकोट जिले के बादामी में निकाय चुनावों के लिए प्रचार सभा में कहा कि वे भाजपा नेता श्रीरामुलू को इस बात की चुनौती देते हैं कि बादामी में मैं अधिक विकास कार्य करवाता हूं या मोलकालमूर श्रीरामुलु। उन्होंने कहा कि श्रीरामुलू अब तक जहां से भी चुनाव जीते हैं उस क्षेेत्र की तरफ उन्होंने कभी पलटकर नहीं देखा। गौरतलब है कि श्रीरामुलू ने मंगलवार को बादामी में कहा था कि सिद्धरामय्या बादामी का विकास करने नहीं बल्कि हार के भय से यहां चुनाव लडऩे आए थे। सिद्धू ने यह भी कहा कि भाजपा नेता झूठ बोलते हैं कि मैं हिन्दू विरोधी हूं। श्रीरामुलू को भाजपा ने बादामी में सिद्धरामय्या के खिलाफ चुनाव में उतारा था।

Published on:
30 Aug 2018 07:51 pm