बैंगलोर

विपक्षी दलों का शौर्य दिवस न मनाना दुर्भाग्यपूर्ण : माधव

कांग्रेस के डीएनए में भ्रष्टाचार जबकि भाजपा के डीएनए में राष्ट्रीय सुरक्षा
2 min read
• •
Updated: 30 Sep 2018, 8:16 PM IST
ram madhaw
विपक्षी दलों का शौर्य दिवस न मनाना दुर्भाग्यपूर्ण : माधव

बेंगलूरु. भाजपा महासचिव राम माधव ने शनिवार को कहा कि इतिहास में यह पहला मौका है जब देश प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में शौर्य दिवस मना रहा है। हमारी सेना शक्तिशाली और सक्षम है लेकिन आज से पहले हमने उनकी ताकत को कभी याद नहीं किया। यह पहली बार हो रहा है जब हमारा देश अपनी सेना की बहादुरी का जश्न मना रहा है।

उन्होंने कहा कि वर्ष-2016 में एलओसी के पार जाकर भारतीय सेना के जांबाज जवनों ने सर्जिकल स्ट्राइक किया। हमें उस सर्जिकल स्ट्राइक पर गर्व है क्योंकि हमारी सेना ने आतंकवादियों को सख्त संदेश दिया था। उन्होंने कहा कि अब तक हम सुनते आए थे कि सीमा पार से आंतकवादी हमारे देश में प्रवेश करते हैं और हम पर हमला करते हैं लेकिन हमने पटकथा को बदल दिया। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल सर्जिकल स्ट्राइक की आलोचना कर रहे हैं जबकि हम सिर्फ यही कह रहे हैं कि आप भी हमारे साथ सेना के पराक्रम को याद करें। आज पूरा देश सेना के साथ सर्जिकल स्ट्राइक की खुशियां मना रहा है लेकिन यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि कुछ राजनीतिक दल इसकी आलोचना कर रहे हैं।

कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस चाहती है कि एचएएल मोबाइल बनाए और बीएचइएल चिप्स। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार द्वारा लिए जाने वाले हर निर्णय में कांग्रेस बाधा डालने की कोशिश करती है। राफेल के मुद्दे पर भी कांग्रेस राजनीति कर रही है जबकि उनकी कांग्रेस के डीएनए में भ्रष्टाचार है और देश की जनता यह समझती है। वहीं हमारे डीएनए में राष्ट्रीय सुरक्षा है। उन्होंने कहा कि हम राफेल जरुर लाएंगे और वायुसेना को सशक्त करेंगे।

दंगा मुक्त और संयुक्त भारत लक्ष्य
माधव ने केन्द्र सरकार के काम की सराहना करते हएु कहा कि हम भारत को एक दंगा मुक्त देश बनाने और संयुक्त भारत की दिशा में काम कर रहे हैं। हम अपनी सैन्य ताकत को मजबूत करना चाहते हैं और यही कारण है कि हमने फ्रांस के साथ राफेल सौदा किया है। उन्होंने बिना किसी देश का नाम लेते हुए कहा कि हमारे पड़ोसी देशों को याद रखना चाहिए कि हमारे प्रधानमंत्री मोदी शीर्ष पर हैं। हमारी सरकार आतंकवाद के प्रति शून्य सहनशीलता रखती है। हम सिर्फ यही मानते हैं कि आतंकवादी आतंकवादी होता है और उसे समाप्त करना चाहिए।

पाक को देंगे उचित जवाब
उन्होंने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने भी हमारे देश की सराहना की है लेकिन पाक ने कभी भी शांति वार्ता शुरू नहीं की। पाकिस्तान पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पाकिस्तान को इमरान खान द्वारा चलाया जा रहा है लेकिन उनकी ताकत अपने ही घर में नहीं है। अगर पाक उत्तेजित होता है तो हम उसे उसी तरह जवाब देंगे। पाक वैश्विक आतंकवादियों वाला राष्ट्र है और पाक तथा उसके दोस्तों को यह समझना चाहिए कि वर्तमान भारत सरकार मजबूत है।

Published on: