
गठबंधन सरकार चलाना आता है, पूरा करुंगा 5 साल का कार्यकाल
बेंगलूरु. मुख्यमंत्री एच डी कुमारस्वामी ने एक बार फिर दुहराया कि कांग्रेस और जद-एस गठबंधन सरकार स्थिर है। सरकार के पांच साल का कार्यकाल पूरा करने को लेकर कोई संशय नहीं होना चाहिए। सरकार की ओर से आयोजित रोजगार मेले का उद्घाटन करने के बाद कुमारस्वामी ने सरकार की स्थिरता को लेकर पूछे गए सवाल पर कुमारस्वामी ने कहा कि इस सरकार का उद्देश्य राज्य के लोगों को बेहतर भविष्य देना है।
कुमारस्वामी ने कहा कि हमें पता है कि सरकार कैसे चलाना है और हमें इसे चलाएंगे। कुमारस्वामी ने कहा ेिक गठबंधन सरकार में कई वरिष्ठ नेता हैं और उनकी मदद से सरकार पांच साल का कार्यकाल पूरा करेगी। कुमारस्वामी ने भाजपा के ऑपरेशन कमल और गठबंधन के घटकों के बीच विभिन्न मसलों पर मतभेद की चर्चाओं के बीच दावा किया सरकार के कार्यकाल पूरा करने को लेकर कोई संशय नहीं होना चाहिए।
कुमारस्वामी ने कहा कि गठबंधन में कुछ समस्याएं हैं...कुछ लोग सोचते हैं सरकार 24 घंटे में गिर जाएगी मगर इसके बावजूद सरकार पूरी स्थिरता से चल रही है और राज्य व लोगों के विकास के लिए काम कर रही है। युवाओं को रोजगार उपलब्ध करा रही है। कुमारस्वामी ने कहा कि सरकार जनहितैषी कार्यक्रमों को लागू करने के लिए सही दिशा में आगे बढ़ रही है। साथ ही उद्योगों को बढ़ावा देने की कोशिश कर रही है।
---
4470 पहुंचे पहले दिन, 563 को मिली नौकरी
बेंगलूरु. राज्य सरकार की ओर से आयोजित रोजगार मेेले में पहले दिन 4470 लोग नौकरी की तलाश में पहुंचे। इनमें से 900 मुख्यमंत्री के जनता दर्शन कार्यक्रम जन स्पंदन, 1470 राज्य कौशल विकास कार्यक्रम के जरिए पहुंचे जबकि 2100 लोग स्वत: पहुंचे। मेले में 79 कंपनियां भाग ले रही हैं। इन कंपनियों ने मेले में आए 563 लोगों को नौकरी के लिए चुन लिया जबकि 1385 युवाओं को दस्तावेज सत्यापन के लिए चुना गया। हालांकि, 244 उम्मीदवार ऐसे भी रहे जिनका चयन नहीं हो पाया। मुख्यमंत्री के जनता दर्शन में रोजगार की मांग को लेकर पहुंचने वाले युवाओं के लिए विशेष प्रशिक्षण की व्यवस्था भी सरकार की ओर से गई है। मेला स्थल पर छह मोबाइल इंदिरा कैंटीन और 20 केमिकल शौचालय की व्यवस्था भी की गई थी। मेला रविवार को भी जारी रहेगा।
Published on:
30 Sep 2018, 7:49 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.