
बेंगलूरु से मैसूरु के लिए 150 विशेष बसों का परिचालन विशेष रूप से मैसूरु रोड बस स्टेशन से किया जाएगा
ऑनलाइन आरक्षण की सुविधा भी उपलब्ध है
बेंगलूरु. कर्नाटक राज्य सड़क परिवहन निगम (केएसआरटीसी) ने दशहरे की छुट्टियों में अतिरिक्त बसें चलाने का निर्णय किया है। मौजूदा एक्सप्रेस, कर्नाटक वैभव, राजहंस, एरावत और एरावत क्लब क्लास के अलावा अनेक मार्गों पर अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की गई है।
केएसआरटीसी 17 से 22 अक्टूबर तक बेंगलूरु से विभिन्न स्थानों के लिए 2500 से अधिक अतिरिक्त बसें चलाएगा। ये बसें बेंगलूरु के कैंपेगौड़ा बस स्टेशन, मैसूरु रोड बस स्टेशन और शांतिनगर बीएमटीसी बस स्टेशन से चलाई जाएंगी। विशेष बसें 20-21 अक्टूबर को ही चलेंगी। विशेष बसें राज्य के सभी प्रमुख स्थानों के साथ ही सभी पड़ोसी राज्यों के प्रमुख स्थानों के लिए भी चलाई जाएंगी।
बेंगलूरु से मैसूरु के लिए 150 विशेष बसों का परिचालन विशेष रूप से मैसूरु रोड बस स्टेशन से किया जाएगा। निगम ने मैसूरु आने वाले पर्यटकों की सुविधा के लिए पैकेज टूर भी शुरू किए हैं। इनके तहत बसें सुबह मैसूरु से प्रस्थान करेंगी और शाम को मैसूरु लौट आएंगी। केएसआरटीसी ने केएसटीडीसी के साथ 10 से 20 अक्टूबर तक मैसूर शहर में प्रमुख पर्यटक स्थलों को कवर करने वाले वोल्वो सिटी बस सेवा हॉप ऑन-हॉप ऑफ शुरू की है। इसका किराया 150 प्रति यात्री है। इन बसों के लिए ऑनलाइन आरक्षण की सुविधा भी उपलब्ध हैं। ये बसें सेंट्रल बस स्टेशन मैसूर से प्रत्येक 15 मिनट में उपलब्ध कराई जा रही हैं।
केएसआरटीसी की विशेष और नियमित बसों के लिए अग्रिम आरक्षण टिकट कर्नाटक और पड़ोसी राज्यों जैसे आंध्रप्रदेश, तेलंगाना, केरल, गोवा, तमिलनाडु, महाराष्ट्र और पुडुचेरी में स्थापित 707 कम्प्यूटरीकृत बुकिंग काउंटरों से कराया जा सकता है। केएसआरटीसी के अनुसार चार व इससे अधिक यात्रियों का एक साथ आरक्षण कराने पर पांच प्रतिशत तथा वापसी का भी आरक्षण कराने पर किराए में 10 प्रतिशत की छूट दी जाएगी।