
MYSURU DASARA : कृषि मंत्री बने गाड़ीवान
मैसूरु. हरियाली युक्त वातावरण जुलूस के साथ शुक्रवार को दशहरा महोत्सव के अंतर्गत तीन दिवसीय रैयत दशहरा (कृषि दशहरा) की शुरुआत हुई। हरे रंग की टोपी और कमीज पहने सैंकड़ों किसान इस जुलूस में शामिल हुए। नंदी ध्वज की पूजा करने के बाद रैयत दशहरा जुलूस को कृषि मंत्री शिवशंकर रेड्डी ने महल के उत्तरी द्वार स्थित कोटे आंजनैया स्वामी मंदिर के पास से झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर जिला प्रभारी मंत्री जीटी देवेगौड़ा और रेड्डी दोनों कुछ दूरी तक बैलगाड़ी पर सवार होकर जुलूस में शामिल हुए। रेड्डी ने कहा कि राज्य के किसानों के कल्याण के लिए राज्य सरकार ने कई लोक कल्याणकारी कार्यक्रमों की शुरुआत की है। रैयत दशहरा में तीन से ज्यादा प्रदर्शनी स्टॉल लगाए गए हैं जिन पर आधुनिक कृषि, बागवानी और रेशम उपकरण मौजूद हैं। वहीं जुलूस के दौरान छह झांकियां सजाई गई, जिनके माध्यम से विविध प्रकार के कृषि कार्यों को प्रत्सोहित करने वाले संदेश दिए गए। वहीं लोक कलाकारों ने परंपरागत शैली में रंगारंग नृत्य प्रस्तुत किए। किसानों के लिए शनिवार को विशेष ग्रामीण खेलों का आयोजन होगा।
हवाई यात्रियों को पसंद आ रही आकाश अम्बारी
दशहरा महोत्सव में आने वाले पर्यटकों की सुविधा के लिए बेंगलूरु और मैसूरु के बीच शुरू की गई आकाश अम्बारी हवाई सेवा को बेहतरीन प्रतिक्रिया मिली है। अगले सात दिनों के लिए 700 से ज्यादा लोगों ने अपना हवाई टिकट बुक कराया है। पर्यटन मंत्री सारा महेश ने शुक्रवार को कहा कि दोनों शहरों के बीच हवाई सेवा शुरू होने से महोत्सव में शामिल होने वाले पर्यटकों को बड़ी राहत मिली है। फिलहाल इस हवाई सफर के लिए यात्रियों को मात्र 700 रूपए प्रति व्यक्ति का किराया देना पड़ा है। उन्होंने कहा कि अगर हवाई यात्रियों की मांग बरकरार रही तो आने वाले दिनों में इस सेवा कुछ और दिनों तक विस्तारित करने पर विचार किया जाएगा।
Published on:
13 Oct 2018, 5:24 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.