
बेंगलूरु. पूर्व मुख्यमंत्री बदामी क्षेत्र के विधायक सिद्धरामय्या ने मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी को पत्र लिखकर बदामी तहसील के तालाबों में पानी भरने की मांग की है। पत्र में पार्वती, गुंजीकेरे तथा हिरेकेरे तालाबों को भरने के लिए 12 करोड़ रुपए की मंजूरी देने की अपील की गई है।
हाल में क्षेत्र के दौरे पर गए सिद्धरामय्या को क्षेत्र के निवासियों ने इस योजना की रूपरेखा के साथ ज्ञापन सौंपा था। मुख्यमंत्री को लिख पत्र के साथ सिद्धरामय्या ने यह ज्ञापन भी जोड़ दिया है। इससे पहले सिद्धरामय्या ने बादामी क्षेत्र के गुलेडगुड्डा में टैक्सटाइल्स और पॉवरलूम पार्क के निर्माण को लेकर पत्र लिखा था। बादामी क्षेत्र के विकास को लेकर सिद्धरामय्या ने अभी तक मुख्यमंत्री एच.डी.कुमारस्वामी को दो पत्र लिखे हैं।
---------
छोटे मतभेदों से निपट लेंगे : वेणुगोपाल
बेंगलूरु. कांग्रेस तथा जनता दल (एस) गठबंधन सरकार में छोटे मतभेद होने को कबूल करते हुए कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव वेणुगोपाल ने कहा की इन मतभेदों को समन्वय समिति के माध्यम से निपटाया जाएगा। यहां समन्वय समिति की बैठक में भाग लेने के लिए पहुंचे वेणुगोपाल ने कहा कि गठबंधन सरकारों में ऐसे मतभेद स्वाभाविक है।
पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धरामय्या का बचाव करते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने कभी भी गठबंधन सरकार की ओर से बजट पेश करने का विरोध नहीं किया है। उन्होंने केवल इतना कहा था कि बजट में कांग्रेस सरकार के विकास कार्य जारी रखे जाएं। उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल का विस्तार तथा निगम तथा प्राधिकरणों के अध्यक्षों की नियुक्तियों पर समन्वय समिति की बैठक में विचार विमर्श किया जाएगा।
-------
विधानमंडल के सत्र के लिए राज्यपाल को आमंत्रण
बेंंगलूरु. विधानमंडल के सोमवार से शुरू हो रहे दस दिवसीय बजट सत्र के लिए विधानसभा के अध्यक्ष रमेश कुमार तथा विधान परिषद के कार्यवाहक सभापति बसवराज होरट्टी ने राज्यपाल वजूभाई वाळा को आमंत्रित किया। राजभवन में शनिवार को राज्यपाल से मुलाकात के बाद विधानसभा अध्यक्ष तथा विधान परिषद के कार्यवाहक सभापति ने उन्हें विधानमंडल के संयुक्त सत्र को संबोधित करने का औपचारिक आमंत्रण सौंपा। बाद में होरट्टी ने कहा कि गठबंधन सरकार के पहले सत्र के लिए राज्यपाल को आमंत्रित किया गया है।
राज्यपाल के संयुक्त सत्र को संबोधन के पश्चात 3-4 जुलाई को राज्यपाल के अभिभाषण के धन्यवाद प्रस्ताव पर दोनों सदनों में चर्चा होगी। 5 जुलाई को मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी वर्ष 2018 -19 के लिए बजट पेश करेंगे।