
बेंगलूरु. पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी.देवेगौड़ा ने सिद्धरामय्या पर दो विधानसभा क्षेत्रों से चुनाव लडऩे के लिए निशाना साधते हुए कहा कि वे कहीं से भी चुनाव लड़ें, उनकी हार तय है। उन्होंने शनिवार को पार्टी कार्यालय में डॉ.बीआर अंबेडकर जयंती कार्यक्रम के बाद कहा कि सिद्धरामय्या ने पहले चामुंडेश्वरी से चुनाव लडऩे की घोषणा कर चुनाव प्रचार भी किया था। सिद्धरामय्या को विशेष समर्थन नहीं मिलने और गुप्तचर विभाग की खुफिया रिपोर्ट के बाद अब बादामी से भी चुनाव लडऩे का फैसला लिया है। सिद्धरामय्या किसी भी क्षेत्र से चुनाव लड़ें, उनकी हार तय है। सरकार सभी क्षेत्र में विफल हो चुकी है। इस बार जनता दल (ध) की सरकार बनेगी।
उन्होंने कहा कि पार्टी छोड़कर जाने वालों को मनाने का सवाल ही पैदा नहीं होता और जो भी जाना चाहता है उसे रोकने का प्रयास नहीं होगा। पार्टी का कोई विधायक या नेता मनमानी करेगा तो इसे आंखेंबंद कर खामोशी से देखा नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि सात बागी विधायकों के खिलाफ युवा उम्मीदवारों को खड़ा किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सिद्धरामय्या स्वार्थी हैं और समय के साथ बदलते रहते हैं। कांग्रेस को भी उनसे चौकन्ना रहने की जरूरत है। सिद्धरामय्या फिर मुख्यमंत्री बनने का सपना देख रहे हैं। अगर कोई मुख्यमंत्री पद का दावेदार बना तो उसे हराने के लिए सिद्धरामय्या कुछ भी कर सकते हैं। देवेगौड़ा ने कहा कि प्रदेश की राजनीति में काफी बदलाव हुआ है और भाजपा की सरकार बनना आसान नहीं है। जनता केवल एक बार विश्वास कर सकती है और बार-बार गल्ती नहीं करेगी। भाजपा को सरकार चलाने का एक बार अवसर दिया गया था। पांच साल में तीन मुख्यमंत्री बने और भ्रष्टाचार के सभी रिकार्ड तोड़ दिए।
---------
'इंदिरा कांग्रेस' नहीं 'सिद्धू कांग्रेस' : रमेश
बेंगलूरु. राज्य में इंदिरा कांग्रेस अपना अस्तित्व खो चुकी है अब राज्य में सिद्धरामय्या कांग्रेस अस्तित्व में आ गई है। शुक्रवार को कांग्रेस छोड जनता दल (ध) में शामिल हुए विधान परिषद सदस्य पी. रमेश ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ.जी परमेश्वर को मुख्यमंत्री सिद्धरामय्या के खिलाफ बात करने की हिम्मत नहीं होने के कारण प्रदेश कांग्रेस में मूल कांग्रेसियों की नहीं बल्कि सिद्धरामय्या तथा उनके समर्थकों की ही तूती बजती है। मुख्यमंत्री सिद्धरामय्या मूल कांग्रेस को निगल चुके है यह एक वास्तविकता है। लोक निर्माण मंत्री महादेवप्पा को इस बार टी.नरसीपुरा विधानसभा क्षेत्र में हार दिखाई दे रही थी इसलिए वे (महादेवप्पा) सी.वी.रमन क्षेत्र से चुनाव लढऩा चाहते हैं। महादेवप्पा को टिकट दिलाने के लिए मुख्यमंत्री ने उनकी (रमेश की) बलि चढ़ाना चाहते थे। इस ओछी राजनीति से तंग आकर उन्होंने कांग्रेस को छोडऩे का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2013 के चुनाव में हार के बावजूद उन्होंने गत 5 वर्षों से उन्होंने इस क्षेत्र के विकास के लिए कई काम किए लेकिन कांग्रेस ने उनके जैसे समर्पित कार्यकर्ता की अनदेखी की है।