11 नवंबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

हर पार्टी के अपने सर्वे, सब रहे जीत

अपना-अपना हिसाब, अनुमान का खेल
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

बैंगलोर

•

image

Kumar Jeevendra

•

Updated: 15 Apr 2018, 1:07 AM IST

vidhan soudha

बेंगलूरु . विधानसभा चुनाव में महीने भर से भी कम का समय रह गया है और पार्टियां टिकट बंटवारे में उलझी हैं लेकिन इन सबके बीच पार्टियां चुनाव सर्वे को लेकर अपने-अपने हिसाब से खुश भी हैं। चुनाव में सत्ता के लिए त्रिकोणीय और कांटे की टक्कर की स्थिति बन रही है और पार्टियां अपना मनोबल बढ़ाने के लिए सर्वे के नतीजे देख रही हैं।
त्रिशंकु विधानसभा के कयासों के बीच तीनों प्रमुख दलों-कांग्रेस, भाजपा और जनता दल ध ने अपने अलग-अलग सर्वे कराए हैं और इनमें उनकी बढ़त अथवा बहुमत वाली जीत की संभावना दिखाई गई है। कोई सत्ता पाने की संभावना को लेकर खुश है तो कोई किंगमेकर बनने के आसार से भी है।
पिछले तीन-चार महीने के दौरान सभी पार्टियों ने जनता जनार्दन के नब्ज को टटोलने और राजनीतिक माहौल का आकलन करने के लिए तीन से पांच सर्वे कराए हैं। हालांकि, सिर्फ कांग्रेस और जद ध ही अपने सर्वे के नतीजों को लेकर सामने आए। भाजपा ने अपने सर्वे के आंकड़े सार्वजनिक नहीं किए। एक सर्वेक्षण एजेंसी के जरिए कराए गए कांग्रेस के सर्वेक्षण में उसे पूर्ण बहुमत के साथ ही पहले से ज्यादा सीटें मिलने की बात कही गई। कांग्रेस में पार्टी के अलावा मुख्यमंत्री सिद्धरामय्या, प्रदेश अध्यक्ष डॉ जी परमेश्वर और प्रदेश प्रभारी के सी वेणुगोपाल ने भी अपने-अपने स्तर पर सर्वे कराए हैं। विधानसभा क्षेत्रवार कराए गए इन सभी सर्वे में कांग्रेस को बहुमत मिलने का दावा किया गया है। हालांकि, राज्य गुप्तचर विभाग के आकलन में कांग्रेस को शतक से दूर बताया गया है।
भाजपा ने भी अलग-अलग स्तरों पर कई सर्वे कराए हैं लेकिन सत्ता में वापसी के लिए मिशन 150 के साथ मैदान में उतरी पार्टी ने सर्वे के नतीजे सार्वजनिक नहीं किए। हालांकि, इन सर्वे में भाजपा को शतक से दूर बताया गया लेकिन नेताओं का दावा है कि उन्हें बहुमत मिलेगा। ऐसे नेताओं का कहना है कि केंद्रीय गुप्तचर एजेंसी के आकलन में उन्हें बहुमत के करीब दिखाया गया है। हालांकि, पिछले सप्ताह राजनीतिक गलियारों में चर्चा रही कि भाजपा के ही एक सर्वे में कांग्रेस को बहुमत मिलता दिखाया गया। भाजपा नेताओं का कहना है कि ये सभी सर्वे हवाई हैं, पार्टी को बहुमत मिलेगा। जद ध के सर्वे में उसे बहुमत मिलता तो नहीं दिखाया गया है लेकिन पार्टी के अब तक के सबसे अच्छे प्रदर्शन और किंगमेकर की संभावना दिखाई है। शुक्रवार को आए एक टीवी चैनल सर्वे में त्रिशंकु विधानसभा की संभावना जताते हुए कांग्रेस को आगे बताया गया है। एक राजनीतिक विश्लेषक का कहना है पार्टियों के लिए सर्वे करने वाली एजेंसियों की रिपोर्ट के साथ विश्वसनीयता की समस्या रहती है क्योंकि ग्राहक को खुश रखना उसकी प्राथमिकता होती है। अब जनता का मिजाज कैसा है, यह तो चुनाव नतीजों से ही मालूम चलेगा।

जद (ध) किंगमेकर नहीं किंग बनेगा
मैसूरु. चुनाव पूर्व सर्वे रिपोट्र्स को गलत साबित करते हुए जनता दल किंगमेकर नहीं बल्कि किंग बनेगा। प्रदेश जनता दल (ध) के अध्यक्ष एच. डी. कुमारस्वामी ने यह बात कही। टाउन हॉल में अंबेडकर जयंती समारोह के बाद उन्होंने कहा कि हाल में आया चुनाव पूर्व सर्वेक्षण प्रायोजित था। अभी तक कांग्रेस तथा भाजपा ने सभी प्रत्याशियों की घोषणा तक नहीं की है। ऐसे में इस सर्वेक्षण पर कैसे भरौसा किया जा सकता है? उन्होंने कहा कि चुनाव में तेलंगाना के मुख्यमंत्री चंद्रशेखर राव तथा यूपी की पूर्व मुख्यमंत्री बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती जद (ध) के प्रत्याशियों का प्रचार करने के लिए मैसूर समेत विभिन्न जिलों का दौरा करेंगे। रामनगर क्षेत्र में उनको चुनाव प्रचार तक करने की आवश्यकता नहीं है। यहां के कार्यकर्ता ही उनको आसानी से जीत दिलाएंगे। लेकिन मुख्यमंत्री सिद्धरामय्या के लिए चामुंडेश्वरी तथा बादामी विधानसभा क्षेत्र में ऐसी स्थिति नहीं है। इन दोनों क्षेत्रों में जद (ध) ही जीत हासिल करेगा।