परीक्षा केंद्रों के बाहर सुबह से ही चहल-पहल देखने को मिली। बड़ी संख्या में अभिभावक अपने बच्चों को शुभकामनाएं देने और उनका हौसला बढ़ाने पहुंचे।
कर्नाटक Karnataka भर में एसएसएलसी (दसवीं) SSLC exam begins in Karnataka की पहली वार्षिक परीक्षा बुधवार से कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच शुरू हो गई। कुल 2,871 परीक्षा केंद्रों पर पहले दिन प्रथम भाषा कन्नड़, तेलुगू, हिंदी, मराठी, तमिल, उर्दू, अंग्रेजी और संस्कृत की परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 1:15 बजे तक शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता मंत्री मधु बंगारप्पा ने मल्लेश्वरम स्थित कर्नाटक पब्लिक स्कूल परीक्षा केंद्र का दौरा कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों का गुलाब देकर स्वागत किया और बिना डर व तनाव के आत्मविश्वास के साथ परीक्षा देने की अपील की। उन्होंने बताया कि नकल रोकने के लिए परीक्षा प्रक्रिया की वेब स्ट्रीमिंग की जा रही है तथा सभी केंद्रों पर कड़ी पुलिस सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
परीक्षा केंद्रों के बाहर सुबह से ही चहल-पहल देखने को मिली। बड़ी संख्या में अभिभावक अपने बच्चों को शुभकामनाएं देने और उनका हौसला बढ़ाने पहुंचे।
केंद्रों में प्रवेश से पहले छात्र-छात्राएं अंतिम समय तक किताबों और नोट्स को दोहराते नजर आए। कुछ विद्यार्थी महत्वपूर्ण प्रश्नों पर चर्चा करते दिखे, वहीं कई शांत बैठकर मन को एकाग्र करने का प्रयास करते रहे। अभिभावकों के चेहरों पर चिंता और उम्मीद दोनों साफ झलक रही थीं, जबकि अधिकांश छात्र आत्मविश्वास के साथ परीक्षा देने पहुंचे। परीक्षा केंद्रों के आसपास पुलिस की कड़ी निगरानी रही और कई स्थानों पर यातायात को नियंत्रित किया गया, ताकि विद्यार्थियों को किसी तरह की परेशानी न हो।
कर्नाटक स्कूल परीक्षा एवं मूल्यांकन बोर्ड (केएसइएबी) के अनुसार पहले दिन 8,28,477 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 8,16,302 परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 12,175 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। सबसे अधिक अनुपस्थित परीक्षार्थी कलबुर्गी (1,591), बीदर (956), विजयपुर (813), बेंगलूरु दक्षिण (735) और बेंगलूरु उत्तर (575) में दर्ज किए गए। परीक्षा के दौरान कदाचार का कोई मामला सामने नहीं आया।