बैंगलोर

यौन उत्‍पीड़न के आरोपी सांसद प्रज्वल रेवण्णा की स्‍वदेश वापसी का कोई संकेत नहीं

प्रज्वल रेवण्णा के विशेष जांच टीम के सामने पेश होने के लिए मांगा गया सात दिन का समय मंगलवार को समाप्त हो गया लेकिन विदेश से उनके लौटने का कोई संकेत नहीं है। इधर, विधायक एचडी रेवण्णा विशेष अदालत से मंगलवार को राहत पाने में नाकाम रहे जिसने उनकी जमानत याचिका पर सुनवाई बुधवार तक के लिए टाल दी. वह फिलहाल विशेष जांच दल (एसआईटी) की हिरासत में हैं।

2 min read

एसआइटी से मांगा 7 दिन का समय मंगलवार को समाप्त

बेंगलूरु. हासन के एनडीए लोकसभा उम्मीदवार प्रज्वल रेवण्णा के खिलाफ यौन शोषण के आरोपों की जांच कर रही विशेष जांच टीम के सामने पेश होने के लिए मांगा गया सात दिन का समय मंगलवार को समाप्त हो गया लेकिन विदेश से उनके लौटने का कोई संकेत नहीं है।

जद-एस सांसद और पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा का पौत्र प्रज्वल रेवण्णा, जैसे ही यह खबर फैली कि कर्नाटक राज्य महिला आयोग की नागलक्ष्मी चौधरी ने मुख्यमंत्री सिद्धारमैया को पत्र लिखकर वीडियो की जांच की मांग की है, तो वह जर्मनी के लिए भाग गया। प्रज्वल पर कथित तौर पर कई महिलाओं का यौन शोषण करने का आरोप है। प्रज्वल के लिए भारत के सभी हवाई अडडों पर ब्लू कॉर्नर नोटिस के साथ लुकआउट नोटिस जारी किया गया है।

पूर्व मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने मंगलवार को दावा किया कि वह अपने भतीजे प्रज्वल के संपर्क में नहीं हैं। उन्होंने कहा कि अपराध करने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जानी चाहिए। विशेष जांच दल के सूत्रों ने कहा कि उन्हें सोमवार और मंगलवार को भी एक हेल्पलाइन नंबर पर कॉल आई लेकिन उन्होंने विवरण साझा करने से इनकार कर दिया। हालांकि, कुमारस्वामी ने दावा किया कि अब तक किसी ने भी हेल्पलाइन नंबर पर कॉल नहीं किया है।

एचडी रेवण्णा की जमानत याचिका पर सुनवाई टली

इस बीच, जनता दल-एस के विधायक एचडी रेवण्णा विशेष अदालत से मंगलवार को राहत पाने में नाकाम रहे जिसने उनकी जमानत याचिका पर सुनवाई बुधवार तक के लिए टाल दी. वह फिलहाल विशेष जांच दल (एसआईटी) की हिरासत में हैं। एसआईटी ने एक महिला के अपहरण के आरोप में पूर्व मंत्री रेवण्णा (66) को शनिवार को गिरफ्तार किया था और एक अदालत ने उन्हें आठ मई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया था। अदालत ने शनिवार को उनकी जमानत याचिका खारिज कर दी थी।

जद-एस के संस्थापक और पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवेगौड़ा के बेटे रेवण्णा और उनके करीबी सतीश बबण्‍णा के खिलाफ 29 अप्रैल को एक महिला का अपहरण करने के आरोप में गुरुवार रात को मामला दर्ज किया गया था.मामला महिला के बेटे की शिकायत पर दर्ज किया गया था जिसने आरोप लगाया था कि रेवण्णा के बेटे और जद-एस सांसद प्रज्वल रेवण्णा ने उसकी मां का यौन शोषण किया था।

एसआईटी ने बबण्णा को भी हिरासत में लिया है। प्रज्वल द्वारा महिलाओं के कथित यौन शोषण के अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर हाल में सामने आए थे जिसके बाद सरकार ने मामले की जांच करने के लिए 28 अप्रैल को एसआईटी गठित की थी. इससे पहले, कर्नाटक महिला आयोग ने मामले में जांच को लेकर मुख्यमंत्री सिद्धरमैया को पत्र लिखा था।

हासन लोकसभा सीट से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के उम्मीदवार प्रज्वल (33) निर्वाचन क्षेत्र में मतदान के एक दिन बाद 27 अप्रैल को देश छोडक़र चले गए. वह एसआईटी की ओर से पेश होने का समन दिए जाने के बावजूद उसके सामने हाजिर नहीं हुए।

Published on:
08 May 2024 12:14 am
Also Read
View All

अगली खबर