
चुनाव पूर्व ही नहीं, बाद में भी गठबंधन का विकल्प खुला
राजीव मिश्रा
बेंगलूरु. राज्य में कांग्रेस और जनता दल-एस के गठबंधन सरकार बनाने के बाद से राष्ट्रीय स्तर पर भाजपा से मुकाबले के लिए महागठबंधन तैयार करने की मुहिम तेज हुई है। हालांकि, पिछले एक महीने के दौरान एच डी कुमारस्वामी सरकार कई बार सियासी झंझावातों से गुजर चुकी है, सवा महीने पुरानी सरकार के स्थायित्व को लेकर भी सवाल उठते रहे हैं। पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा की कांग्रेस को क्षेत्रीय दलों को लेकर दी गई चेतावनी ने भी राष्ट्रीय राजनीति में काफी हलचल मचाई। पेश हैं इन सभी मसलों पर गठबंधन समन्वय समिति के संयोजक और जद-एस के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव कुंवर दानिश अली से बातचीत के अंश :
प्र. आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा के खिलाफ महागठबंधन बनाने में जद-एस काफी सक्रिय नजर आ रहा है। क्या होगी पार्टी की भूमिका?
उ. देखिए, जद-एस ने अपनी भूमिका की एक बानगी 23 मई 2018 को एचडी कुमारस्वामी के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान दिखा दी। जद-एस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एचडी देवेगौड़ा पूर्व प्रधानमंत्री हैं और उनका सभी से काफी अच्छा रिश्ता है। इसलिए सभी राजनीतिक दलों से संबंध अच्छे हैं। हमारी कोशिश यही होगी कि देश में भाजपा के खिलाफ लोकसभा चुनाव में आमने-सामने की टक्कर हो।
प्र. यहां तो एकता दिखी। लेकिन, दिल्ली जाते-जाते बिखराव आ गया। कांग्रेस केजरीवाल के खिलाफ खड़ी हो गई।
उ. हमारी कोशिश होगी कि जहां तक संभव हो मुकाबला सीधा हो। लेकिन, विपक्षी एकता के दो पड़ाव हैं। पहला, चुनाव पूर्व गठबंधन और दूसरा चुनाव बाद। इसमें जद-एस की भूमिका अहम होगी। हम केरल में वामपंथी दलों के साथ सरकार में हैं और कर्नाटक में कांग्रेस के खिलाफ लड़कर आए, लेकिनउसी के साथ गठबंधन सरकार बनाई। एजेंडा सीधा है-देश में लोकतंत्र को बचाना है।
प्र. मध्य प्रदेश में कांग्रेस बसपा के लिए सीट छोडऩे को तैयार नहीं है। दूसरी तरफ, देवेगौड़ा चेतावनी दे रहे हैं कि कांग्रेस क्षेत्रीय पार्टियों को नजरअंदाज नहीं कर सकती।
उ. कांग्रेस को भी बड़ा दिल दिखाना चाहिए। हमें उम्मीद है कि मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में कांग्रेस और बसपा के बीच चुनाव पूर्व गठबंधन होगा। भाजपा को हराने के लिए यह बेहद जरूरी है।
प्र. एक तरफ देवेगौड़ा महागठबंधन की बात करते हैं तो दूसरी तरफ गैर-भाजपा व गैर कांग्रेस मोर्चे को बढ़ावा देने वाले नेताओं के साथ खड़े नजर आते हैं। यह कैसी रणनीति है?
उ. इसीलिए तो जद-एस की भूमिका बढ़ जाती है। हमारी पार्टी का रुख लचीला है। सभी क्षेत्रीय पार्टियों से हमारे रिश्ते बहुत पुराने और अच्छे हैं। कांग्रेस के साथ हमारा नया रिश्ता बना है, जो काफी अच्छा है। स्थानीय स्तर पर चुनाव बाद गठबंधन को लेकर अड़चनें जरूर आई, लेकिन दोनों पार्टियों में आलाकमान के स्तर पर मधुर रिश्ते के चलते ये समस्याएं काफी आसानी से दूर हुईं। क्षेत्रीय पार्टियों और कांग्रेस को करीब लाकर एक विशाल गठबंधन बनाने में देवेगौड़ा की भूमिका निर्णायक होगी। आपने केजरीवाल का जिक्र किया। उनके साथ हमारे रिश्ते काफी अच्छे हैं। चंद्रबाबू नायडू और कांग्रेस के नेता हमारे चलते एक मंच पर आए। सपा-बसपा पहली बार सार्वजनिक मंच पर साथ आए। कुछ राजनीतिक दलों के साथ कुछ मजबूरियां हैं, किन्तु हम गठबंधन में सबको साथ लेकर चलेंगे।
प्र. कांग्रेस की बड़े भाई वाली सोच में कुछ बदलाव आया है?
उ. राजनीति में कोई बड़ा और छोटा नहीं होता। मजबूरियों और परिस्थितियों के अनुसार व्यवहार की कला ही राजनीति है। कांग्रेस ही नहीं, सभी दलों में यह विचार प्रबल हुआ है कि अपनी ऊर्जा एक-दूसरे को निपटाने में नष्ट करने के बजाय लोकतंत्र बचाने में उपयोग की जाए। इसके लिए कुछ त्याग करना होगा तो करेंगे।
प्र. राष्ट्रीय स्तर पर कभी गठबंधन सरकारें सफल नहीं हुई?
उ. नया इतिहास रचना होगा। यहां सरकार चला रहे हैं छोटी-मोटी परेशानियां आती हैं उसे दूर कर लिया जाएगा। इतना निश्चित है कि केंद्र में बैठी भाजपा सरकार को हटाने में कामयाब होंगे।
प्र. चेहरा किसका होगा, नेता कौन होगा?
उ. चुनाव के बाद हम तय करेंगे कि लोकसभा का नेता कौन होगा, वहीं प्रधानमंत्री होंगे।
प्र. लेकिन, महागठबंधन के गठन और उसकी सफलता कहीं-न-कहीं कर्नाटक की गठबंधन सरकार की सफलता में निहित है?
उ. आपका सवाल बिल्कुल सही है। राज्य की जनता और देश में लोकतंत्र पसंद लोगों को इस सरकार से बहुत आशाएं हैं। यह केवल दो पार्टियों के गठबंधन की सरकार नहीं है। यह लोगों की आकांक्षाओं की सरकार है। गठबंधन सरकार चलाने वालों की यह जिम्मेदारी बनती है कि वे निराश नहीं करें।
प्र. कुमारस्वामी सरकार पांच साल चलेगी?
उ. हमें पूरा विश्वास है कि सरकार पूरे पांच साल चलेगी, भले ही लोग सरकार के पतन की अटकलें लगाते रहें। अभी बजट से पहले ही सरकार गिरने की बात कही गई, परन्तु समन्वय समिति की बैठक में सब कुछ ठीक हो गया।
प्र. कितना चुनौतीपूर्ण रहा एक महीना।
उ. चुनाव बाद का गठबंधन चुनौतीपूर्ण तो होता ही है, लेकिन मकसद बड़ा है। इसलिए दोनों पार्टियां अपने-अपने कार्यकर्ताओं को समझाने में कायमाब रहीं।
प्र. भाजपा गठबंधन टूटने की बात कह रही है। 6 महीने में सरकार बनाने का दावा भी कर रही है। क्या सरकार के स्थायित्व पर खतरा है?
उ. भाजपा अपने घर को संभाल के रखे। अगर हमने अपने दरवाजे खोल दिए तो हमारे दरवाजे पर तांता लग जाएगा।
प्र. राज्य के बजट को लेकर कैसी उम्मीदें हैं?
उ. किसान हमारी प्राथमिकता है। कुमारस्वामी ने चुनाव से पूर्व किसानों का कर्ज माफ करने की बात कही थी और बजट में किसानों का संपूर्ण कर्ज माफ करने की घोषणा होगी।