
बेंगलूरु. पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में लगी आग से न सिर्फ आम आदमी का बजट बिगड़ा है, बल्कि राज्य परिवहन निगम पर भी मार पड़ी है।
डीजल की बढ़ी कीमत परिवहन निगम की वित्तीय स्थिति को प्रभावित कर रही है। 16 अप्रैल से अब तक निगम को डीजल खरीदी में पिछले महीनों की तुलना में 9.29 करोड़ रुपए अधिक खर्च करने पड़े हैं।
राज्य सड़क परिवहन निगम (केएसआरटीसी) के पिछले एक महीने आंकड़े बताते हैं कि ईंधन खरीदी पर प्रति माह 3.8 करोड़ रुपए का अतिरिक्त भार बढ़ा है। हालांकि केएसआरटीसी सहित सभी परिवहन निगम थोक में डीजल खरीदते हैं, लेकिन कीमतों में दैनिक उतार चढ़ाव के कारण थोक भाव भी प्रभावित होता है। निगम अधिकारियों का कहना है कि इससे हमारा वित्तीय संचालन प्रभावित हो रहा है। निगम अब राज्य सरकार से मदद की गुजारिश करेगा।
बेंगलूरु महानगर परिवहन निगम (बीएमटीसी) भी ऐसी ही मुश्किलों का सामना कर रहा है। निगम को रोजाना 324 किलो लीटर डीजल चाहिए। निगम का कहना है कि डीजल खरीद पर 16 अप्रेल के बाद से रोजाना औसत 1.95 करोड़ रुपए का अतिरिक्त व्यय करना पड़ रहा है।
मेट्रो और कैब से भी चुनौती
बीएमटीसी को कई रूटों पर मेट्रो और कैब से भी चुनौती का सामना करना पड़ता है। मेट्रो प्रथम चरण के पूरा होने के बाद से कई रूटों पर यात्री मेट्रो को प्राथमिकता दे रहे हैं। इसमें आईटी कॉरिडोर वाले कुछ रूट भी शामिल हैं। इसी प्रकार एयरपोर्ट रूट पर कैब के कारण बीएमटीसी की एससी बसों को कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ता है।
---------------
जनता के लिए रोज खुलेंगे सीएम कार्यालय कपाट
कृष्णा में प्रतिदिन जनता दर्शन कार्यक्रम करेंगे मुख्यमंत्री
बेंगलूरु. मुख्यमंत्री एच.डी. कुमारस्वामी विश्वासमत हासिल करने के बाद शहर में मौजूद रहने के दौरान आवासीय कार्यालय कृष्णा में प्रतिदिन सुबह 10 बजे से 11 बजे तक जनता दर्शन कार्यक्रम में शामिल होंगे। लोगों की शिकायतें सुनेंगे और अधिकारियों को शिकायतों को यथाशीघ्र दूर करने के निर्देश देंगे। मुख्यमंत्री से भेंट करने के इच्छुक जनों के लिए इस अवधि में कृष्णा के द्वार खुले रहेंगे। कुमारस्वामी जब 2006 में पहली बार मुख्यमंत्री बने थे तब उन्होंने जनता दर्शन कार्यक्रम शुरू किया था। अब मौजूदा गठबंधन सरकार के कार्यकाल में भी उन्होंने यह सिलसिला जारी रखने का निर्णय किया है।