बांसवाड़ा

Banswara Top Crime News : पत्नी हुई गुम, मोबाइल बंद, परेशान परिजनों ने दर्ज कराया मामला

Banswara Crime Top News : बांसवाड़ा में पालोदा निवासी किशोर की संदिग्ध मौत मामले में बुनकर समाज ने एसपी को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग की। बांसवाड़ा जिले की टॉप 5 क्राइम की न्यूज पढ़ें।
3 min read
Banswara Crime Top News Wife missing case registered Weavers community demands
Banswara Crime Top News : ग्राफिक्स फोटो पत्रिका

Banswara Top Crime News : राजस्थान के बांसवाड़ा जिले में क्राइम की 5 प्रमुख न्यूज के बारे में जानें। बांसवाड़ा के पालोदा निवासी किशोर वीरेंद्र बुनकर की संदिग्ध मौत के मामले में जिला बुनकर समाज विकास संस्थान ने गुरुवार दोपहर पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग की। ज्ञापन में बताया गया कि वीरेंद्र बुनकर पुत्र राजू बुनकर का शव हाल ही में खमेरा क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। समाज के प्रतिनिधियों ने आशंका जताई कि यह केवल दुर्घटना नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या का मामला है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की।

साथ ही मृतक के परिजनों को न्याय दिलाने और राजस्थान सरकार की ओर से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की भी मांग रखी गई। समाज पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिला और दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो बुनकर समाज आंदोलन का रास्ता अपनाने को बाध्य होगा। ज्ञापन पर समाज के कई पदाधिकारियों और सदस्यों के हस्ताक्षर किए।

श्रीराम कॉलोनी में दबंगों की मार-पीट में घायल युवक ने तोड़ा दम

बांसवाड़ा शहर की श्रीराम कॉलोनी में दबंगों की ओर से बेरहमी से पीटे गए घायल युवक ने चार दिन बाद आखिरकार महात्मा गांधी अस्पताल में दम तोड़ दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। मामले में परिजनों ने कोतवाली थाना में दबंगों की ओर से मारपीट करने एवं धमकी देने का मामला दर्ज कराया है।

परिजनों ने बताया कि मृतक उमेश पुत्र प्रभुलाल तीरगर को 21 जून को कागदी पिकअप क्षेत्र में बुलाकर कुछ दबंगों ने बुरी तरह पीटा। मारपीट के बाद आरोपियों ने पूरे परिवार को घर समेत जिंदा जलाने की धमकी दी। इसी खौफ के कारण परिवार ने न तो पुलिस को सूचना दी और न ही समय पर इलाज कराया।

बुधवार शाम उमेश की हालत बिगड़ने पर परिजन उसे आनन-फानन में महात्मा गांधी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन गुरुवार सुबह करीब 4 बजे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की मौत के बाद परिजन शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।

पत्नी की गुमशुदगी का मामला दर्ज

कुशलगढ़ के लुणावाड़ा गांव निवासी अर्जुन ने अपनी पत्नी शामा की गुमशुदगी की रिपोर्ट कुशलगढ़ थाने में दर्ज कराई है। रिपोर्ट के अनुसार शामा 22 जून को दोपहर करीब दो बजे घर से कुशलगढ़ जाने के लिए निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों ने रिश्तेदारों और संभावित स्थानों पर तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। महिला का मोबाइल भी बंद आ रहा है। पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

घर में घुसकर दंपती से मार-पीट, पुलिस में रिपोर्ट दर्ज

आनंदपुरी के गांगड़तलाई क्षेत्र के छालका तलाई गांव में घर में घुसकर दंपती से मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता धुली पत्नी रमेश डामोर ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि 23 जून की रात गांव के मानीया पुत्र जोतीया डामोर और उसकी पत्नी बदी घर आए तथा गाली-गलौज के बाद मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने आए रमेश डामोर पर लाठी से हमला किया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई। महिला ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसे पटक-पटक कर पीटा, जिससे वह बेहोश हो गई। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

लाइसेंस अवधि समाप्त, बंदूक रखने पर मामला दर्ज

आनंदपुरी के सल्लोपाट थाना पुलिस ने अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चरकनी निवासी उदा पुत्र हरदार भील के कब्जे से एक नालीदार देशी टोपीदार बंदूक जब्त की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बंदूक एवं लाइसेंस की जांच की, जिसमें लाइसेंस का नवीनीकरण 31 दिसंबर, 2024 तक ही वैध पाया गया। लाइसेंस अवधि समाप्त होने के बावजूद हथियार पास रखने पर पुलिस ने बंदूक जब्त कर आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत मामला दर्ज किया।

Published on:
26 Jun 2026 11:03 am
Also Read
View All