
बांसवाड़ा। कलिंजरा बायपास पर मंगलवार रात शराब से भरी एक पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में पिकअप चालक घायल हो गया। वहीं, वाहन पलटते ही मौके पर ऐसा नजारा देखने को मिला कि राहगीरों और आसपास के लोगों में शराब की बोतलें उठाने की होड़ मच गई। कई लोग अंधेरे का फायदा उठाकर शराब की बोतलें लेकर मौके से निकल गए।
घटना रात करीब 9 बजे रॉयल होटल के पास की है। जानकारी के अनुसार, शराब से भरी पिकअप बांसवाड़ा की ओर से आ रही थी। इसी दौरान चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और पिकअप सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पिकअप में शराब की बोतलें भरी होने की जानकारी मिलते ही कुछ लोग उन्हें निकालने में जुट गए।
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे लोगों में शराब की बोतलें उठाने की होड़ मच गई। बताया जा रहा है कि पुलिस के पहुंचने से पहले ही कई लोग पिकअप से बोतलें निकालकर ले जाने लगे। अंधेरा होने के कारण कुछ लोग बोतलें लेकर आसानी से निकल गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को हटाने का प्रयास किया। हालांकि, इसके बावजूद शराब की बोतलें उठाने का सिलसिला जारी रहा।
हादसे के बाद पिकअप को सड़क से हटाने के लिए जेसीबी और स्थानीय लोगों की मदद ली गई। वाहन को सड़क किनारे करवाया गया। इसके बाद पिकअप में बची हुई शराब की बोतलों को मजदूरों की सहायता से एकत्रित किया गया और दूसरी गाड़ी में भरवाया गया। हादसे में घायल चालक को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
मौके पर मौजूद लोगों के बीच चर्चा रही कि पिकअप में भरी शराब सरकारी दुकान की थी। हालांकि, शराब कहां से लाई जा रही थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है। कलिंजरा थानाधिकारी तेजूसिंह ने बताया कि मतदान पेटियां जमा करवाने की ड्यूटी में व्यस्त होने के कारण उन्हें घटना के संबंध में ज्यादा जानकारी नहीं है।