बांसवाड़ा

Rajasthan : जिस बेटे के लौटने की आस टूटी, वह एक साल बाद माता-पिता के सामने आया तो छलक पड़े खुशी के आंसू

जिस बेटे के लौटने की आस परिवार छोड़ चुका था, वही बेटा एक साल बाद अचानक सामने आया तो परिजनों की आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े। बेटे को सही सलामत देखकर ​परिजनों ने राहत की सांस ली।
2 min read
Aakash Returns Home
पुलिस की मौजूदगी में परिजनों के साथ बच्चा। फोटो: पत्रिका

बांसवाड़ा। जिस बेटे के लौटने की आस परिवार छोड़ चुका था, वही बेटा एक साल बाद अचानक सामने आया तो परिजनों की आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े। यह पल बेहद भावुक भरा रहा। बेटे को सही सलामत देखकर ​परिजनों ने राहत की सांस ली। यह पूरा मामला राजस्थान के बांसवाड़ा जिले का है। जहां दानपुर थाना क्षेत्र से 18 साल का आकाश सालभर पहले परिवार से बिछड़ गया था, जो बुधवार को माता-पिता को मिला तो खुशी का ठिकाना नहीं रहा। आकाश के पिता प्रताप सिंह ने बताया कि वे अपने बेटे को साल भर से ढूंढ रहे थे।

आकाश के अचानक घर से चले जाने के बाद उन्होंने खूब ढूंढा। लेकिन, जब ​बेटे का कहीं पता नहीं चला था तो दानपुर पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। 12 महीने पहले पुलिस ने भी आकाश को ढूढा। लेकिन काफी तलाश के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला। ऐसे में बेटे के मिलने की आस भी टूट चुकी थी। लेकिन, एक साल बाद परिजनों के पास पुलिस थाने से फोन आया और बेटे के मिलने की सूचना दी तो परिजन तुरंत थाने पहुंच गए।

मुंबई पहुंच गया था आकाश

कोतवाली थानाधिकारी नागेंद्र सिंह ने बताया कि दानपुर क्षेत्र के खोहरा पाड़ा निवासी आकाश मानसिक विमंदित होने से सालभर पहले बांसवाड़ा जिले में घर से निकल गया था। इस दौरान यह बच्चा मुंबई पहुंच गया, जहां मानसिक विमंदित व निराश्रितों की सेवा में लगी संस्था श्रद्धा फाउंडेशन को यह बच्चा मुंबई के चैमूर क्षेत्र में मिला। संस्था ने बच्चे का इलाज करवाकर उसकी देखभाल की। जब बच्चा बोलने-समझने लगा तो उसने अपना पता बांसवाड़ा जिला बताया। बच्चे की बताई सूचना पर संस्था के लोग बांसवाड़ा के कोतवाली थाना पहुंचे।

पुलिस ने परिजनों को फोन कर बुलाया

थानाधिकारी नागेंद्र सिंह ने बच्चे की फोटो पुलिस और आमजन के सोशल मीडिया पर साझा की। इसके बाद बच्चे की पहचान दानपुर क्षेत्र के खोहरा पाड़ा निवासी के रूप में सामने आई। दानपुर पुलिस की मदद से परिजनों को फोन कर बुलाया गया। इसके बाद यह बच्चा संस्था ने बच्चों को सुपुर्द कर दिया। एक साल से बेटे की तलाश में जुटे परिवार के लिए यह पल बेहद भावुक रहा। बेटे के सुरक्षित मिलने से परिवार ने राहत की सांस ली।

Updated on:
03 Sept 2026 01:47 pm
Published on:
03 Sept 2026 01:47 pm