29 अगस्त 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

बांसवाड़ा सड़क हादसा: राखी बांधकर भाई के घर से निकली थी बहन, रास्ते में हुई मौत; हवा में उछलकर खेत में गिरी बाइक

बांसवाड़ा जिले में गनोड़ा-घाटोल मार्ग पर गूंड़ी वाली रेड के पास कार और बाइक के बीच भीषण टक्कर हो गई। हादसे में अपने भाई लक्ष्मण सिंह को राखी बांधकर बेटे युवराज के साथ सलूंबर लौट रही राजकुंवर पत्नी कल्याण सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उनका बेटा युवराज सिंह और बाइक पर सवार हिना कंवर गंभीर रूप से घायल हो गए।
3 min read
Google source verification
banswara road accident

मृतका राजकुंवर (पत्रिका फोटो)

Banswara Road Accident: रक्षाबंधन का त्योहार भाई-बहन के पवित्र रिश्ते, स्नेह और सुरक्षा के वादे का प्रतीक होता है। लेकिन किसे पता था कि रक्षा का यह सूत्र बांधकर लौट रही एक बहन की जिंदगी का सफर अधूरा रह जाएगा। गनोड़ा-घाटोल मार्ग पर शुक्रवार शाम घटी दर्दनाक सड़क दुर्घटना ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियों को पल भर में चीख-पुकार में बदल दिया।

बता दें कि सलूंबर की रहने वाली राजकुंवर अपने बेटे युवराज सिंह के साथ नांगवाला स्थित अपने भाई लक्ष्मण सिंह के घर रक्षाबंधन मनाने गई थीं। भाई की कलाई पर रक्षासूत्र बांधकर, स्नेह की ढेर सारी यादें और दुआएं समेटकर वह शुक्रवार शाम करीब 6:30 बजे अपने बेटे के साथ बाइक से वापस सलूंबर लौट रही थीं। नांगवाला की रहने वाली हिना कुंवर पत्नी लक्ष्मण सिंह भी गनोड़ा तक उनके साथ बाइक पर आ रही थीं।

अनियंत्रित कार ने बाइक को मारी टक्कर

घर लौटने की खुशी और सफर का सुकून अचानक एक चीख में बदल गया। गनोड़ा से करीब दो किलोमीटर दूर 'गुंदी वाली रेड' के पास सामने से आ रही एक अनियंत्रित कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह भिड़ंत इतनी भीषण थी कि टक्कर की आवाज कुछ दूर तक सुनाई दी। बाइक हवा में उछलकर सड़क से करीब 10 फीट दूर खेत में जा गिरी और कार के परखच्चे उड़ गए। वाहनों के टूटे हुए पुर्जे सड़क पर दूर-दूर तक बिखर गए।

राजकुंवर की मौके पर ही मौत

धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। हादसे में गंभीर रूप से घायल राजकुंवर की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं, परतेलिया (सलूंबर) निवासी उनका बेटा युवराज सिंह और नांगवाला निवासी हिना कुंवर गंभीर रूप से घायल हो गए। जिस मां ने अभी कुछ देर पहले अपने बेटे के साथ सफर शुरू किया था, उसकी सांसें टूटी देख आसपास मौजूद हर इंसान का दिल पसीज गया।

हादसे के बाद कार चालक फरार

हादसे के तुरंत बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर मोटागांव थाना अधिकारी देवीलाल मीणा के साथ पुलिसकर्मी महिपाल सिंह, राजेश रोत, छगनलाल, तेजपाल सिंह और धर्मेंद्र मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर थाने में रखवाया और मार्ग पर यातायात सुचारू कराया।

पुलिस फिलहाल फरार कार चालक की तलाश कर रही है और हादसे के कारणों की जांच में जुटी है। लेकिन एक तरफ जहां कानून अपनी कार्रवाई कर रहा है, वहीं दूसरी तरफ इस हादसे ने उस भाई को ताउम्र का नासूर दे दिया है, जिसकी कलाई पर बंधी राखी का रंग सूखने से पहले ही उसकी बहन इस दुनिया को अलविदा कह गई।