
Banswara Pradhan Election Result: बांसवाड़ा. तीन बार की जिला प्रमुख एवं पूर्व मंत्री महेन्द्रजीतसिंह मालवीया की पत्नी रेशम मालवीया इस बार प्रधान की कुर्सी के लिए दौड़ में थी। पर, वह जीत दर्ज नहीं कर सकीं। वह नाहरपुरा पंचायत समिति में सदस्य का चुनाव जीती। पर, यहां कांग्रेस बहुमत में नहीं आ पाई। यहां बीएपी पूर्ण बहुमत के साथ 8 वार्ड जीती। कांग्रेस ने यहां सिर्फ 6 ही सीट जीती थी। प्रधान चुनाव में भी समीकरण उनके पक्ष में नहीं बन पाए। यहां बीएपी की माया ने 1 वोट से बाजी जीत ली।
पंचायत समिति में प्रधान का पद एसटी महिला के लिए आरक्षित हुआ था। यहां कुल 15 वार्ड में से भाजपा के 1, कांग्रेस के 6, बीएपी के 8 सदस्य जीते थे। बहुमत के लिए 8 वोट चाहिए थे। नामांकन दाखिले के दौरान बीएपी की माया एवं कांग्रेस की रेशम मालवीया मैदान में उतरी। पर, यहां माया ने रेशम को मात दे दी। माया को 8 एवं रेशम को 7 वोट मिले।
जिले की पंचायत समितियों की बात की जाए तो कुल 16 पंचायत समितियों में से 8 पंचायत समितियों पर कांग्रेस ने कब्जा जमाया। इनमें छोटी सरवन में कांग्रेस के केशव निनामा निर्विरोध प्रधान बने। यहां के अलावा बांसवाड़ा, सज्जनगढ़, छोटा डूंगरा, तलवाड़ा, कुशलगढ़, गनोड़ा, बागीदौरा में कांग्रेस अपना प्रधान बनाने में सफल रही। वहीं पांच पंचायत समितियों में भारत आदिवासी पार्टी का कब्जा रहा। इनमें आनंदपुरी, छोटी सरवा, घाटोल, गांगड तलाई, नाहरपुरा में बीएपी के प्रधान बने। इसके अलावा अरथूना में बीएपी का बहुमत होने के बावजूद वह अपना प्रधान नहीं बना सकी। यहां निर्दलीय प्रत्याशी ने प्रधान की सीट पर कब्जा जमाया।
जिला प्रमुख पद पर भाजपा की ओर से बीएपी को समर्थन देने के बाद उम्मीद की जा रही थी कि इस नए गठजोड़ का असर पंचायत समिति की सीटों पर दिखेगा। भाजपा को उम्मीद थी कि वह बीएपी के सहयोग से सरेड़ी बड़ी, छोटी सरवा, कुशलगढ़ और गढ़ी में अपने प्रधान बना सकती है। लेकिन भाजपा को सिर्फ सरेड़ी बड़ी और गढ़ी में ही सफलता मिली और उसके दो ही प्रधान बने।