Banswara News: राजस्थान के बांसवाड़ा शहर में एक शादी समारोह में मधुमक्खियों के हमले से अफरा - तफरी मच गई।
Banswara News: राजस्थान के बांसवाड़ा शहर के उदयपुर रोड स्थित एक निजी वाटिका में आयोजित शादी समारोह में अफरा - तफरी मच गई। सूत्रों के अनुसार साईं वाटिका में दोपहर के समय बाराती नाचते हुए दूल्हे को लेकर मंडप में पहुंचे।
तभी आतिशबाजी के दौरान अचानक एक पटाखा पास ही स्थित मधुमक्खियों के छत्ते पर जा गिरा, जिससे मधुमक्खियाें ने वहां मौजूद लोगों पर हमला कर दिया।
मधुमक्खियाें के हमले से बाराती, दुल्हन पक्ष एवं आसपास मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। घटना से समारोह का माहौल कुछ देर के लिए अस्त-व्यस्त हो गया।
लोग इधर-उधर भागते नजर आए। मौके पर मौजूद लोगों ने बाद में स्थिति को संभाला। कुछ देर बाद मधुमक्खियां शांत हुईं, तब जाकर हालात सामान्य हो सके।
वैसे यह पहला मामला नहीं है जब शादी, सार्वजनिक समारोह के दौरान मधुमक्खियों के हमले से अफरा-तफरी मची हो। इससे पहले भी प्रदेश में ऐसे काफी मामले सामने आ चुके हैं।
इस घटना ने एक बार फिर शादी समारोहों में पटाखों के उपयोग और सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि विवाह समारोहों में बिना सुरक्षा मानकों के पटाखों का इस्तेमाल लगातार खतरे को निमंत्रण दे रहा है।
आयोजनकर्ताओं को ऐसे आयोजनों से पहले स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक सावधानियां बरतने की जरूरत है, जिससे खुशियों के मौके पर इस तरह की अनहोनी न हो।
हाल ही में 4 फरवरी को अजमेर जिले के उदयगढ़ खेड़ा गांव में दोपहर करीब 12 बजे अंतिम संस्कार में गए लोगों पर मधुमक्खियों ने हमला कर दिया था।
हमले में 28 लोग घायल हो गए थे। जिनको एम्बुलेंस से भिनाय के अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के बाद परिजनों ने सिर पर हेलमेट लगाया और हाथ-पैरों में ग्लब्स पहनकर मृतक का अंतिम संस्कार किया।