नगरपरिषद ने कॉलोनी हस्तांतरण से पहले कार्रवाई को कहा, आवासन मण्डल की ओर से आवंटियों को अंतिम नोटिस जारी
बांसवाड़ा. शहर में राजस्थान आवासन मण्डल की कॉलोनी शास्त्री नगर अतिक्रमण की चपेट में है। एक दो नहीं यहां करीब डेढ़ सौ मकानों के पुन: निर्माण के दौरान आवंटियों ने नालियों पर दीवारें खड़ी कर दी हैं तो कहीं छज्जे बेतरतीब ढंग से निकले हुए हैं। इतना ही नहीं कई लोगों ने सडक़ पर ही दुकानदारी शुरू कर दी है।
मण्डल की ओर से नगरपरिषद में राशि जमा करवाने के बाद कॉलोनी के हस्तांतरण की कार्रवाई के दौरान ऐसे हालात सामने आए हैं। इस पर परिषद ने वर्तमान हालात में कॉलोनी अपने हस्ते लेने से इनकार कर दिया है। साथ ही परिषद ने मण्डल को पहले अतिक्रमण का सफाया करने को कहा है। इसके बाद मण्डल अभियंता ने दल गठित कर शास्त्री नगर में अतिक्रमण चिह्नित करवाए तो छोटे-बड़े अतिक्रमण मिलाकर यह संख्या करीब 150 जा पहुंची।
इस पर अब आवंटियों को नोटिस जारी किए जा रहे हैं। इसमें चेताया गया है कि मण्डल की ओर से आवास आवंटन व कब्जा सुपुर्द के बाद आवंटी ने सार्वजनिक मार्ग व नालियों पर अवैध निर्माण व अतिक्रमण कर लिए हैं, जिन्हें 15 दिन में स्वयं के स्तर पर हटा लिया जाए, नहीं तो कानूनी कार्रवाई होगी। साथ ही पूर्व में दिए नोटिस का हवाला देते इसे अंतिम नोटिस बताया गया है। उल्लेखनीय है कि कॉलोनी को नगरपरिषद को हस्तांतरित करने के लिए मण्डल 1 करोड़ 14 लाख रुपए दे चुका है।
2006 में प्रारंभ हुआ था शास्त्री नगर कॉलोनी का हुआ निर्माण
691 आवास विभिन्न आय वर्ग के यहां किएग ए निर्मित
150 के करीब आवंटियों को नोटिस जारी
नोटिस दे रहे हैं
शास्त्री नगर में अतिक्रमण चिह्नित करवाया गया है। अब नोटिस जारी किए जा रहे हैं। अतिक्रमण से कॉलोनी हस्तांरण में दिक्कत हो रही है, जिससे कॉलोनी वासियों को ही नुकसान है। अतिक्रमण नहीं हटाया तो कानूनी कार्रवाई होगी।
लालसिंह भाबोर, परियोजना अभियंता वरिष्ठ राजस्थान आवासन मण्डल, बांसवाड़ा