बांसवाड़ा

Video : बांसवाड़ा : सांसद ने जिला महामंत्री पर लगाए नाम काटने के आरोप, गृहमंत्री के सामने तू-तू, मैं-मैं, हाथापाई की नौबत!

www.patrika.com/banswara-news
2 min read
banswara
Video : बांसवाड़ा : सांसद ने जिला महामंत्री पर लगाए नाम काटने के आरोप, गृहमंत्री के सामने तू-तू, मैं-मैं, हाथापाई की नौबत!

बांसवाड़ा. विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर रविवार को भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन में भाग लेने आए गृहमंत्री गुलाबचंद कटारिया के सामने भाजपा कार्यकर्ताओं में तू-तू, मैं-मैं हो गई। इसके बाद कक्ष के बाहर समर्थक आपस में उलझ गए और हाथापाई जैसी नौबत आ गई। बाद में कटारिया ने मामले की जानकारी लेकर समझाइश की। जानकारी के अनुसार सम्मेलन के बाद गृहमंत्री कटारिया की उपस्थिति में चुनाव प्रबंधन समिति की बैठक हुई। इसमें कार्यकारिणी के अलावा पांचों सीटों के प्रबंधन समिति के सदस्यों को ही शामिल होना था। बैठक के दौरान सांसद मानशंकर निनामा ने जिला महामंत्री पूंजीलाल गायरी पर यह आरोप लगाए कि समिति में घाटोल क्षेत्र के लोगों को ही शामिल किया गया है।

उनके समर्थकों व पीपलखूंट क्षेत्र के कार्यकर्ताओं के नाम काट दिए गए हैं। इस पर कुछ देर के लिए तू-तू, मैं-मैं जैसी स्थिति खड़ी हो गई। इस दौरान जिस कक्ष में बैठक हो रही थी, उसके बाहर भी दोनों के समर्थक आपस में उलझ गए। अन्य कार्यकर्ताओं ने उन्हें अलग किया। बाद में घाटोल विधायक नवनीतलाल निनामा व राज्यमंत्री धनसिंह रावत गायरी को वापस कक्ष में ले गए। वहीं सूत्रों ने यह भी बताया कि पीपलखूंट व गनोड़ा क्षेत्र के कार्यकर्ता सांसद के साथ कमरे में गए और गायरी पर नाम काटने के आरोप लगाए। इस दौरान कटारिया के पूछने पर गायरी ने कहा कि इसमें उनकी कोई भूमिका नहीं है। बैठक के बाद कटारिया ने घाटोल विधानसभा क्षेत्र विस्तारक को बुलाया और आपस में बातचीत कराकर मामले का सुलटारा किया।

इनका कहना है
एक-दो लोगों के नाम समिति में नहीं थे, इसलिए उन्हें कमरे में आने नहीं दिया जा रहा था। बाद में उन्हें बुला लिया गया। विवाद जैसी कोई स्थिति नहीं है।
मानशंकर निनामा, सांसद

जिम्मेदारी निभा रहा हूं
कुछ लोगों को भ्रम हो गया कि बैठक में चुनाव के टिकट का निर्णय करने वोटिंग होने वाली है, जबकि बैठक प्रबंध समिति की थी। मेरे पास संगठन की जिम्मेदारी है और उसे निभा रहा हूं।
पूंजीलाल गायरी, जिला महामंत्री भाजपा

Updated on:
29 Oct 2018 12:08 pm
Published on:
29 Oct 2018 12:08 pm