बांसवाड़ा

Banswara: नकली किन्नर बनकर अकेली महिला को बनाया निशाना, नशीला पदार्थ सुंघाकर नकदी-जेवर, गेहूं और बर्तन तक ले गए ठग

Rajasthan Crime: बांसवाड़ा के पालोदा कस्बे में किन्नर बनकर आए एक ठग ने नशीला पदार्थ सुंघाकर घर में अकेली महिला से नकदी, सोने का आभूषण, बर्तन और गेहूं ठग लिया। घटना का खुलासा दो दिन पहले बेटे के पूछने पर हुआ।
2 min read
Banswara Fraud Case
पीड़िता सविता की फोटो: पत्रिका

Fraud By Fake Transgender: बांसवाड़ा के पालोदा कस्बे के जैन मंदिर के सामने जोशी मोहल्ले में किन्नर का वेश धारण कर आए एक बहरूपिए ने घर में अकेली महिला को झांसे में लेकर करीब 18 हजार रुपए नकद, सोने का नाक का कांटा, बर्तन और 15-20 किलो गेहूं तक लूट लिए। वारदात 10 जून को सुबह करीब साढ़े दस बजे हुई लेकिन पीड़िता ने सदमे और डर के कारण इसका खुलासा 2 दिन पहले तब किया जब बेटे ने अलमारी में रखी नकदी के बारे में पूछा।

सविता पत्नी स्वर्गीय मणिलाल जोशी घटना के समय घर में अकेली थीं। पीली साड़ी पहनकर और ताली बजाते हुए पहुंचे आरोपी ने पैसे मांगने के बहाने घर में प्रवेश किया। उसने परिवार के सदस्यों के बारे में जानकारी होने का दावा कर महिला का विश्वास जीत लिया। खाली घड़ा और पानी का लोटा मंगवाया तथा किसी वस्तु को घड़े में डालकर महिला से उसमें देखने को कहा। महिला के मना करने पर उसने जबरन गर्दन पकड़कर घड़े में झांकने के लिए मजबूर किया, जिसके बाद वह बेसुध जैसी हो गई।

सोने का कांटा, 15 हजार रुपए निकलवाए

आरोपी ने महिला से नाक का सोने का कांटा उतरवा लिया। उसके पास मौजूद पर्स से तीन हजार रुपए ले लिए और अलमारी से 15 हजार रुपए भी निकलवाए। कड़ाही, तपेली सहित कुछ बर्तन और 15-20 किलो गेहूं भी साथ ले गया। जाते समय आरोपी ने धमकी देते हुए कहा कि वह फिर आएगा, तब उसके लिए एक तोला सोना और 70 हजार रुपए तैयार रखना।

नशीले पदार्थ से किया बेहोश

नकली किन्नर ने यह भी कहा कि उसे परिवार की पूरी जानकारी है। महिला ने बताया कि आरोपी जाते समय कोई पदार्थ डालकर उसे बेहोश भी कर गया। करीब एक घंटे बाद होश आने पर उसने अलमारी खुली और नकदी गायब देखी लेकिन भय के कारण किसी को घटना नहीं बताई।

बेटे के पूछने पर मां ने खोला राज

दो दिन पहले बेटे कुलदीप ने अलमारी में रखे रुपयों के बारे में पूछा तो महिला ने पूरी घटना बताई। कुलदीप ने लोहारिया थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। थाना प्रभारी जयपालसिंह चौहान ने मौके पर पहुंचकर जानकारी जुटाई और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस को पता चला कि आरोपी महिला से गेहूं का थैला उठवाकर ले गया था, जिसे गांव की किसी किराना दुकान पर बेचने की आशंका है। इस पहलू की भी जांच की जा रही है।

महिलाओं में दहशत, असली किन्नरों ने भी किया आगाह

घटना से महिलाओं में भय और आक्रोश है। अगले दिन बांसवाड़ा के आनंदपुरी से आए किन्नरों के एक दल ने ग्रामीणों को बताया कि इस क्षेत्र में वही नियमित रूप से आते हैं। उन्होंने अपना विजिटिंग कार्ड देकर लोगों से अपील की कि यदि कोई अन्य व्यक्ति किन्नर बनकर पहुंचे तो तुरंत सूचना दें।

जांच के घेरे में कई सवाल

आरोपी ने महिला के परिवार के बारे में कई सही जानकारियां बताईं, जिससे स्थानीय स्तर पर उसे सहयोग मिलने या किसी संगठित गिरोह की आशंका भी जताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है।

Updated on:
20 Jul 2026 12:37 pm
Published on:
20 Jul 2026 12:34 pm