
पीड़ित शिवराज कहार की फोटो: पत्रिका
Cyber Fraud: कोटा शहर के उद्योग नगर थाना क्षेत्र में सिस्टम अपडेट का झांसा देकर एक युवक का मोबाइल कथित रूप से हैक कर लिया गया। इसके बाद उसके बैंक खाते से 98 हजार रुपए निकालकर बैंक ऑफ बड़ौदा के एक खाते में ट्रांसफर कर दिए गए। घटना के बाद पीड़ित ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मोबाइल हैकिंग और ट्रांजेक्शन की तकनीकी जांच में जुटी है। कोटा शहर के उद्योग नगर थाना क्षेत्र के कंसुआ निवासी शिवराज कहार ने बताया कि 17 जुलाई की रात करीब आठ बजे उसके मोबाइल की स्क्रीन अचानक लगातार ऑन हो गई। स्क्रीन पर केवल 'सिस्टम अपडेटिंग' लिखा दिखाई दे रहा था। साथ ही 'मोबाइल बंद नहीं करें' का संदेश भी आ रहा था। फोन न तो स्विच ऑफ हो रहा था और न ही उसमें कोई अन्य काम किया जा सकता था। उसे लगा कि मोबाइल का सामान्य सॉफ्टवेयर अपडेट चल रहा है इसलिए उसने फोन चार्जिंग पर लगाकर छोड़ दिया।
पीड़ित ने बताया कि अगले दिन सुबह तक भी मोबाइल की स्थिति वही थी। वह अपनी मोबाइल शॉप पर पहुंचा जिसके कुछ देर बाद शिवराज के मोबाइल पर एसबीआई बैंक खाते से 98 हजार रुपए ट्रांसफर होने का मैसेज आया। खाते की जांच करने पर पता चला कि पूरी राशि बैंक ऑफ बड़ौदा के एक खाते में भेज दी गई है। रकम निकलने की जानकारी मिलते ही उसने तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई और बाद में साइबर थाने पहुंचकर रिपोर्ट दी।
पीड़ित ने बताया कि कुछ देर बाद मोबाइल पूरी तरह बंद हो गया। दोबारा चालू करने पर फोन फैक्ट्री रीसेट मिला। उसमें मौजूद सभी ऐप, फोटो, दस्तावेज और अन्य डाटा गायब था। मोबाइल बिल्कुल नए फोन की तरह दिखाई दे रहा था। साइबर थाना पुलिस का कहना है कि मोबाइल की फोरेंसिक जांच कराई जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि मोबाइल किसी मालवेयर, फर्जी अपडेट या रिमोट एक्सेस एप के जरिए हैक हुआ या नहीं। साथ ही जिस बैंक खाते में रकम ट्रांसफर हुई है, उसके धारक और ट्रांजेक्शन की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।
साइबर पुलिस ने बताया कि मोबाइल में अचानक असामान्य अपडेट, स्क्रीन लॉक होना या बिना कारण सिस्टम अपडेट का संदेश दिखाई दे तो सतर्क हो जाएं। ऐसी स्थिति में तुरंत बैंक खाते की निगरानी करें, साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं और मोबाइल की तकनीकी जांच कराएं।
Updated on:
20 Jul 2026 10:01 am
Published on:
20 Jul 2026 08:03 am
