21 जुलाई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

epaper_icon

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

Kota: रात को खाना खाकर टहलने निकला लड़का, सुबह तेजाजी मंदिर परिसर में मिला खून से लथपथ शव; हत्या की आशंका

कोटा जिले में सांगोद कस्बे के तेजाजी मंदिर परिसर में सोमवार सुबह 20 वर्षीय शुभम सुमन का खून से लथपथ शव मिला। सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के चलते पत्थर से कुचलकर हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर एफएसएल, डॉग स्क्वॉड की मदद से जांच शुरू कर दी है।
2 min read
Google source verification

कोटा

image

Arvind Rao

Jul 20, 2026

Kota News

घटना स्थल पर मौजूद पुलिस (पत्रिका फोटो)

सांगोद (कोटा): कोटा जिले के सांगोद कस्बे में सोमवार सुबह उस समय भारी सनसनी और हड़कंप मच गया, जब थकाजी मोहल्ला स्थित तेजाजी मंदिर परिसर में एक 20 वर्षीय युवक का खून से लथपथ शव बरामद हुआ। युवक की नृशंस हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि उसके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान हैं, जिससे अंदेशा लगाया जा रहा है कि पत्थर से कुचलकर उसकी हत्या की गई है।

सुबह 6 बजे मिली घटना की सूचना

सांगोद थानाधिकारी पवन कुमार मीणा ने बताया कि पुलिस को सोमवार सुबह करीब 6 बजे ताखाजी मोहल्ले के तेजाजी मंदिर में एक अज्ञात युवक का शव पड़े होने की जानकारी मिली थी। सूचना मिलते ही सांगोद थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। मंदिर जैसे सार्वजनिक और सुनसान स्थल पर इस तरह शव मिलने की खबर फैलते ही घटनास्थल पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई।

वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए गए, एमओबी और डॉग स्क्वॉड तैनात

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी, फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट्स और डॉग स्क्वॉड की टीमों को मौके पर बुलाया। घटनास्थल को सील कर बारीकी से साक्ष्य एकत्रित किए गए। इसके बाद 108 एंबुलेंस की मदद से शव को स्थानीय अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया गया और मृतक की शिनाख्त के प्रयास शुरू किए गए।

मृतक की हुई पहचान, रात से था लापता

पुलिस की प्राथमिक जांच के बाद मृतक की पहचान सांगोद निवासी 20 वर्षीय शुभम सुमन पुत्र भवानी शंकर के रूप में हुई। परिजनों के अनुसार, शुभम रविवार रात करीब 10 बजे खाना खाने के बाद घर से टहलने निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा।

बताया जा रहा है कि युवक मानसिक रूप से थोड़ा कमजोर था। परिजनों ने रात में उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। सुबह सीधे मंदिर परिसर में उसका शव मिलने की दुखद खबर ही सामने आई।

अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज

मृतक के पिता भवानी शंकर की लिखित शिकायत के आधार पर सांगोद थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है।

थानाधिकारी पवन मीणा ने बताया कि पुलिस मामले की हर पहलू से गहराई से तफ्तीश कर रही है। संदिग्धों की पहचान और धरपकड़ के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।