17 जुलाई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

कोटा में डबल मर्डर: शराब के नशे में सगे भाई ने भाई को लाठियों से पीट-पीटकर मार डाला, पड़ोसी ने बुजुर्ग की ली जान

Kota Double Murder: कोटा ग्रामीण के सीमलिया थाना क्षेत्र में 8 घंटे के भीतर दो अलग-अलग हत्याओं से सनसनी फैल गई। मोतिकुआ में शराब के नशे में सगे भाई ने भाई की पीट-पीटकर हत्या कर दी, जबकि मंडोला में पड़ोसी ने 58 वर्षीय बुजुर्ग पर चाकू से हमला कर मार डाला।
3 min read
Google source verification

कोटा

image

Arvind Rao

Jul 17, 2026

Kota Double Murder News

मंडोला की घटना में मृतक बद्रीलाल मीणा (पत्रिका फोटो)

Kota Double Murder News: सुल्तानपुर (कोटा): सीमलिया थाना क्षेत्र में शुक्रवार का दिन बेहद सनसनीखेज रहा। यहां महज आठ घंटे के भीतर हुई दो अलग-अलग हत्या की वारदातों ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया। दोनों ही मामलों में मामूली सी बात पर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। पहली घटना में जहां शराब के नशे में एक सगे भाई ने अपने ही भाई की जान ले ली। वहीं, दूसरी घटना में पड़ोसियों के आपसी विवाद में एक बुजुर्ग की चाकू मारकर हत्या कर दी गई।

बता दें कि इन गंभीर वारदातों के बाद कोटा ग्रामीण पुलिस ने मुस्तैदी दिखाई और त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को वारदात के महज आधे घंटे के भीतर हिरासत में ले लिया।

शराब के नशे में सगे भाई की हत्या

यह दर्दनाक वाकया सीमलिया थाना क्षेत्र के मोतिकुआ गांव का है। जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार को हेमराज और उसके 45 वर्षीय भाई राजू लश्करी के बीच बैठकर शराब पीने के दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। दोनों के बीच का यह विवाद इतना बढ़ गया कि हेमराज ने आपा खो दिया। उसने पास ही पड़ी लकड़ी उठाकर अपने भाई राजू पर ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए।

सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आने के कारण राजू लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। भाई द्वारा भाई की हत्या की सूचना मिलते ही सीमलिया थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और तत्परता दिखाते हुए आरोपी हेमराज को कुछ ही देर में हिरासत में ले लिया।

मामूली बात पर बुजुर्ग पड़ोसी को उतारा मौत के घाट

अभी पुलिस पहली वारदात की जांच में जुटी ही थी कि थाना क्षेत्र के मंडोला गांव से दूसरी हत्या की खबर आ गई। यहां भी बेहद मामूली बात को लेकर दो पड़ोसी आपस में भिड़ गए। विवाद के दौरान आरोपी अंकुर श्रंगी ने गुस्से में आकर अपने ही पड़ोसी, 58 वर्षीय बुजुर्ग बद्रीलाल पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

चाकू के वार से बद्रीलाल बुरी तरह घायल हो गए। उन्हें आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी अंकुर श्रंगी पेशे से सुनार है और उसकी ज्वेलरी की दुकान है।

एक ही दिन में दोहरी हत्या की खबरों से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कोटा ग्रामीण पुलिस अधीक्षक (SP) सुजीत शंकर ने तुरंत कमान संभाली। उन्होंने विशेष टीमों का गठन कर आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस टीमों ने तत्परता से काम किया और दोनों घटनाओं के आरोपियों को वारदात के करीब आधे घंटे के भीतर ही डिटेन कर लिया। फिलहाल, पुलिस दोनों आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है।

अधिकारी का बयान

दोनों हत्या के मामलों में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को करीब आधे घंटे के भीतर डिटेन कर लिया है। उनसे पूछताछ जारी है और मामले की गहन जांच की जा रही है।
-सुजीत शंकर, पुलिस अधीक्षक, कोटा ग्रामीण