20 जुलाई 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Alwar News: ड्यूटी पर लौटने से पहले सेना के जवान की मौत, हादसे में घायल पत्नी का चल रहा इलाज

राजस्थान के बहरोड़ में सड़क हादसे ने एक सैनिक परिवार की खुशियां छीन लीं। छुट्टी पूरी कर अगले दिन ड्यूटी जॉइन करने वाले थे, इससे पहले एक्सीडेंट हो गया। हादसे में सेना के जवान की मौत हो गई, जबकि घायल पत्नी का इलाज चल रहा है।
2 min read
Google source verification

अलवर

image

Kamal Mishra

Jul 19, 2026

Alwar Army Man Death

Alwar Army Man Death: मृतक आशिव कुमार। (फोटो-पत्रिका)

अलवर। बहरोड़ क्षेत्र में हुए सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। 27 दिन की छुट्टी बिताने के बाद अगले ही दिन ड्यूटी पर लौटने की तैयारी कर रहे भारतीय सेना के जवान की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी अब भी अस्पताल में भर्ती हैं। पुलिस ने हादसे के आरोपी कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार बहरोड़-नारनौल मार्ग पर गांव नारेड़ा कलां के पास शनिवार को यह हादसा हुआ। गांव बालपुरा निवासी 43 वर्षीय आशिव कुमार अपनी पत्नी मुकेश देवी के साथ बाइक पर बहरोड़ से घरेलू सामान खरीदकर वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान चंडीगढ़ नंबर की तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

आर्मी कमांड हॉस्पिटल में हुई मौत

घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। आशिव कुमार को पहले जिला अस्पताल और फिर एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें जयपुर स्थित आर्मी कमांड हॉस्पिटल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। उनकी पत्नी मुकेश देवी का इलाज अभी जारी है और डॉक्टर उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए हैं।

यह वीडियो भी देखें :

हरियाणा निवासी कार चालक गिरफ्तार

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी। कार्रवाई करते हुए हरियाणा के नारनौल जिले के मंढाणा गांव निवासी कार चालक संजय यादव को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

सैन्य सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार

रविवार को पोस्टमार्टम के बाद आशिव कुमार का शव परिजनों को सौंपा गया। इसके बाद पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम विदाई के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण, परिजन और सेना के जवान मौजूद रहे। जवान को सैन्य सम्मान के साथ अंतिम सलामी दी गई, जिससे माहौल भावुक हो गया।

सूरतगढ़ में थी तैनाती

परिजनों और सैन्य अधिकारियों के अनुसार आशिव कुमार 22 मार्च 2005 को भारतीय सेना में भर्ती हुए थे। वह वर्तमान में सूरतगढ़ स्थित 51 आर्म्ड यूनिट में क्लर्क के पद पर तैनात थे। दो भाइयों में सबसे बड़े आशिव अपने पीछे पत्नी और दो बेटों का परिवार छोड़ गए हैं। वे 27 दिन की छुट्टी पर घर आए थे और रविवार को अपनी यूनिट में वापस ड्यूटी जॉइन करने वाले थे। लेकिन उससे एक दिन पहले हुए सड़क हादसे ने उनके परिवार की जिंदगी हमेशा के लिए बदल दी।