बांसवाड़ा

राजस्थान का रण : बांसवाड़ा में पिछले 5 विधानसभा चुनावों में उतरे 147 प्रत्याशी, 100 की जमानत भी जब्त

www.patrika.com/banswara-news
2 min read
banswara
राजस्थान का रण : बांसवाड़ा में पिछले 5 विधानसभा चुनावों में उतरे 147 प्रत्याशी, 100 की जमानत भी जब्त

बांसवाड़ा. लोकसभा चुनाव हो या विधानसभा चुनाव, चुनावी रण में प्रत्याशी जीत का सेहरा बांधने के लिए अनथक मेहनत करते हैं, लेकिन सेहरा एक के सिर ही बंधता है और कई ऐसे होते हैं, जो अपनी जमानत तक नहीं बचा पाते हैं। चुनाव आयोग की वेबसाइट पर बांसवाड़ा जिले में बीते पांच चुनाव परिणामों के आंकड़ों को टटोला तो सामने आया कि चुनावी मैदान में उतरे 147 में से 100 प्रत्याशियों की जमानत जब्त हुई।

राजस्थान का रण : पहली बार वोट देने वाले युवा मतदाता बोले- चुनाव में साफ छवि के प्रत्याशी हों और रोजगार के अवसर मिलें

चर्चित चेहरे जो नहीं जीत पाए जनता का विश्वास
वर्ष 1993 के चुनाव में दानपुर सीट से जनता दल के दलीचंद मईड़ा विधायक बने। उन्हें तत्कालीन सरकार में राज्यमंत्री भी बनाया गया। इसके बाद उन्होंने भाजपा का दामन थामा, लेकिन 1998 में हुए चुनाव में उन्हें महज 14.97 वोट मिले और जमानत जब्त हो गई। 2013 में उन्होंने बांसवाड़ा सीट से चुनाव लड़ा, लेकिन उन्हें 2.22 प्रतिशत ही वोट मिले और जमानत नहीं बचा पाए। 2008 और 2013 में जनता दल के राजेश कटारा ने भी बांसवाड़ा सीट से चुनावी भाग्य आजमाया, लेकिन वे भी जमानत नहीं बचा पाए। इसी प्रकार कुशलगढ़ से कुल छह बार और 1990 से 2008 तक लगातार पांच बार विधायक बने फतेहसिंह 2013 में जनता दल के टिकट पर चुनाव लड़े, लेकिन जमानत नहीं बचा पाए। 2013 में तो जनता दल ने घाटोल के अलावा शेष चारों सीटों पर अपने प्रत्याशी खड़े किए थे, लेकिन एक की भी जमानत नहीं बची।

विधानसभावार स्थिति
1993 में कुशलगढ़ में सात में से पांच प्रत्याशियों की जमानत जब्त हुई। वहीं दानपुर सीट पर छह में से चार, घाटोल में पांच में से तीन, बांसवाड़ा में नौ में से सात और बागीदौरा में छह में से तीन प्रत्याशियों की जमानत जब्त हुई। 1998 में कुशलगढ़ सीट पर चार में से दो, दानपुर व घाटोल में तीन में से एक, बांसवाड़ा में छह में से चार तथा बागीदौरा में नौ में से सात प्रत्याशी जमानत नहीं बचा पाए। 2003 में कुशलगढ़ में चार में से दो, दानपुर में पांच में से दो, घाटोल में पांच में से तीन, बांसवाड़ा में छह में से चार तथा बागीदौरा में चार में से दो प्रत्याशियों की जमानत जब्त हुई। 2008 में गढ़ी व घाटोल में नौ में से सात, बांसवाड़ा में सात में से पांच, बागीदौरा में पांच में से तीन तथा कुशलगढ़ में दस में से आठ प्रत्याशियों तथा 2013 में घाटोल में छह में से चार, गढ़ी में नौ में से सात, बांसवाड़ा में पांच में से तीन, बागीदौरा में चार में से दो तथा कुशलगढ़ में छह में से चार प्रत्याशियों की जमानत जब्त हुई।

Updated on:
03 Nov 2018 01:24 pm
Published on:
03 Nov 2018 01:24 pm