बांसवाड़ा

Video : बांसवाड़ा : रात में पत्नी के साथ युवक को देखकर आग बबूला हुआ पति, 21 घंटे तक खूंटों से बांधकर बुरी तरह पीटा

युवक और विवाहिता का पति गिरफ्तार
2 min read
• •
Updated: 28 Feb 2018, 2:01 PM IST
banswara news

बांसवाड़ा. गनोड़ा. खमेरा थाना क्षेत्र की घाटोल पंचायत के डूंगरीपाड़ा गांव में सोमवार रात घर में पत्नी के साथ एक युवक को देखकर पति गुस्सा हो गया और कुछ गांव वालों को एकत्र करने के बाद दोनों की जमकर पिटाई कर दी और घर के पास ही अलग-अलग खूंटों से बांध दिया। रातभर के बाद मंगलवार दिनभर भी दोनों को खूंटों से बांधे रखा और भांजगड़ा चलता रहा। शाम साढ़े पांच बजे पुलिस हरकत में आई और युवक को छुड़ाया। पुलिस ने विवाहिता के पति एवं युवक को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया है।

बताया जाता है कि डूंगरीपाड़ा निवासी महिला का पति शादियों में मजदूरी का कार्य करता है। कई बार घर से निकलने पर कई दिनों तक वापस नहीं लौटता था। सोमवार सुबह वह किसी शादी में जाने की बात कहकर घर से निकला, लेकिन रात करीब साढ़े आठ बजे पति किसी कार्य से अचानक घर पहुंच गया, जहां पत्नी को कुवानिया निवासी गेबीलाल पुत्र नाथूलाल खराड़ी के साथ देख लिया। इस पर उसने कुछ लोगों को एकत्रित कर घर की घेराबंदी करते हुए पत्नी और गेबीलाल के साथ मारपीट की।

दिनभर चला भांजगड़ा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रातभर के बाद मंगलवार को दिनभर भी दोनों को खूंटे से बांधे रखा गया और गेबीलाल के साथ पति व ग्रामीणों के मध्य भांजगड़ा चला। इस बीच ग्रामीणों की भीड़ जुटी रही। पूरा घटनाक्रम घाटोल चौकी से महज तीन किलोमीटर दूर व थाने से छह किलोमीटर दूर हुआ लेकिन पुलिस को भनक तक नहीं लगी।

एसपी कहिन
इधर मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक कालूराम रावत ने बताया कि महिला और युवक की ओर से प्राप्त रिपोर्टों के आधार पर प्रकरण दर्ज कर लिया है। इसके आधार पर अनुसंधान किया जाएगा। इसके बाद आगे की स्थिति स्पष्ट पूरी तरह से होगी।

पत्रिका टीवी देख हरकत में आई पुलिस
विवाहिता और युवक करीब 21 घंटे तक अलग-अलग खूंटों से बंधे रहे, लेकिन जिला प्रशासन एवं पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। पत्रिका टीवी पर मामला प्रसारित होने के बाद पुलिस हरकत में आई और घाटोल डिप्टी के निर्देश पर कार्रवाई की

विवाहिता ने कहा- घर में घुसकर की छेड़छाड़
इस मामले में विवाहिता ने पुलिस को सौंपी अपनी रिपोर्ट में बताया कि रात को गेबीलाल उसके घर आया और आते ही छेड़छाड़ करने लगा। इस पर जब वह चिल्लाई तो उसका पति एवं देवर दौडकऱ आए और उन्होंने गेबीलाल को पकड़ लिया और बांध दिया। इसके बाद गेबीलाल के परिजनों को बुलाया गया, लेकिन वह नहीं आए।

युवक बोला- संबंध का आरोप लगाकर की मारपीट
दूसरी ओर गेबीलाल ने पुलिस को सौंपी रिपोर्ट में बताया कि विवाहिता उसकी दूर की रिश्तेदारी में आती है। उसके बुलाने पर वह मेहमान आया था, जहां उसके पति एवं देवर सहित अन्य ने अवैध संबंध का आरोप लगाते हुए उसके साथ मारपीट की व बंधक बना लिया।

शंभूपुरा की घटना की याद ताजा
युगल को बांधन, उनके साथ मारपीट करने तथा नग्नकर गांव में घुमाने की जिले में पहली वारदात नहीं है। इससे पहले कलिंजरा थाना क्षेत्र के शंभुपूरा गांव में 16 अप्रेल 2017 को एक प्रेमी जोड़े को अर्धनग्न अवस्था में पूरे गांव में घुमाया गया था और बाद में पेड़ से बांध कर उसका वीडियो बनाया था। वायरल होने के बाद सबसे पहले राजस्थान पत्रिका ने समाचार का प्रकाशन किया था। तब पुलिस ने कार्रवाई करते हुए परिजनों सहित कई ग्रामीणों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया था।

Updated on:
28 Feb 2018, 2:01 PM IST
Published on: