
बांसवाड़ा : नूतन स्कूल में विद्यार्थियों से अधिक शुल्क वसूली मामले में जांच शुरू
बांसवाड़ा. राजकीय नूतन उच्च माध्यमिक विद्यालय में वर्तमान शैक्षिक सत्र की शुरुआत में तत्कालीन संस्थाप्रधान अरुण व्यास की ओर से निर्धारित शुल्क से अधिक राशि वसूलने के मामले में मंगलवार सुबह जांच शुरू हुई। माध्यमिक शिक्षा के निदेशक के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी सहित तीन सदस्यीय दल ने आरंभिक पड़ताल की।
सुबह करीब दस बजे जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक राजेंद्रप्रसाद द्विवेदी, राजकीय नगर उच्च माध्यमिक विद्यालय के संस्थाप्रधान सुशील कुमार जैन और माध्यमिक शिक्षा विभाग कार्यालय के विधि प्रकोष्ठ प्रभारी उमियाशंकर दवे नूतन उमावि पहुंचे। यहां उन्होंने आरंभिक जांच करते हुए निदेशक कार्यालय से विगत दिनों प्राप्त हुए दस्तावेजों की जांच की। वहीं अधिक शुल्क वसूली करने का आरोप लगाने वाले विद्यार्थियों से संवाद किया और उनके बयान भी लिए। जानकारी के अनुसार बयानों में विद्यार्थियों ने शुल्क के अलावा सात-सात सौ रुपए अधिक लेने की बात कही।
रिकार्ड एसीबी के पास
मामले में डीईओ द्विवेदी ने बताया कि निदेशक के निर्देशानुसार आरंभिक जांच शुरू की है। इससे जुड़े हुए रिकार्ड भ्रष्टचार निरोधक ब्यूरो के पास जब्त है। ऐसे में रिकार्ड मिलने पर ही विस्तृत और लेखा संबंधी जांच हो सकेगी।
यह था मामला
वर्तमान शैक्षिक सत्र की शुरुआत के समय तत्कालीन संस्थाप्रधान अरुण व्यास पर जनजाति वर्ग के विद्यार्थियों ने निर्धारित फीस से अधिक राशि वसूलने का आरोप लगाया था। करीब साढ़े चार सौ विद्यार्थियों ने गत अक्टूबर में संयुक्त हस्ताक्षर कर इसकी शिकायत माध्यमिक शिक्षा के निदेशक को भेजी थी, जिसमें गत दस जनवरी को निदेशक की ओर से जांच के निर्देश दिए गए। गौरतलब है कि इस मामले में शिकायत के बाद भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की ओर से भी विद्यालय में छापा मारकर रिकार्ड जब्त किया गया था। मामले में व्यास से टिप्पणी मांगी तो उन्होंने सिर्फ यही कहा कि सभी कार्य नियमानुसार किए हैं।