
पुलिस जांच के दौरान किराने के सामान के नीचे मिली पेट्रोल-डीजल की कैन। फोटो: पत्रिका
बांसवाड़ा। गुजरात से सस्ते दामों में पेट्रोल-डीजल लाकर राजस्थान में अवैध रूप से बेचने वाले एक बड़े तस्कर के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बांसवाड़ा की विशेष पुलिस ने 900 लीटर पेट्रोल एवं 300 लीटर डीजल जब्त किया। पुलिस के अनुसार पेट्रोल-डीजल की तस्करी की यह खेप गुजरात के फतेहपुरा से लाई जा रही थी, जिसे पुलिस ने जिले के फलवा सीमा पर नाकाबंदी कर पकड़ा। डीएसबी टीम के प्रभारी बाबूलाल ने बताया कि पुलिस को लगातार पेट्रोल-डीजल की तस्करी की सूचना मिल रही थी।
उन्होंने किरानों की दुकान पर डिब्बों एवं बोतलों में पेट्रोल-डीजल व्यापारियों से जानकारी जुटाकर इस खेल में शामिल बड़े तस्कर को पकड़ने की योजना बनाई। बांसवाड़ा पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरपत सिंह भाटी के सुपरविजन में थाना आनंदपुरी की टीम के साथ मिलकर इस ऑपरेशन को अंजाम दिया। मुखबिर से सूचना पुख्ता होने पर फतेहपुरा, गुजरात से आ रहे टेम्पो आरजे03 जीए 8473 को रोका गया और उसकी तलाशी ली गई। इस दौरान किराने के सामान के नीचे 50-50 लीटर की कैन में पेट्रोल-डीजल भरा मिला।
इसके बारे में जब वाहन चालक परतू गरासिया से पूछा तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। वाहन के बारे में पूछा तो उसने यह टेंपो शेरगढ़ के सेठ कृष्णा अग्रवाल का बताया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए वाहन चालक परतू पुत्र रतन गरासिया निवासी शेरगढ़ और उसके साथी नरसिंह पुत्र कालू पारगी निवासी जगपुरा शेरगढ़ को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की कार्रवाई टीम में आनंदपुरी थानाधिकारी कपिल पाटीदार, एएसआइ दिनेश कुमार, विश्वराज चौबीसा, जगपाल सिंह, गुणवीर सिंह, जितेंद्र बुनकर, श्रवण आदि मौजूद रहे।
पड़ोसी राज्य की अपेक्षा राजस्थान में तेल की ऊंची कीमतों के चलते जिले के सीमावर्ती कस्बों में पेट्रोल बिक्री का अवैध कारोबार चल रहा है। सीमावर्ती क्षेत्र में जगह-जगह डिब्बों में पेट्रोल-डीजल बेचे जा रहे है, जिससे बांसवाड़ा से गुजरात सीमा तक के पंप प्रभावित हो रहे हैं। पड़ोसी राज्यों की कम कीमतों एवं अवैध पेट्रोल बिक्री से जिले के पेट्रोल-डीजल के व्यापार पर लगभग 25% तक असर पड़ा है। जहां राजस्थान के सीमावर्ती पंप मुश्किल से 500-1000 लीटर प्रतिदिन बेच पा रहे हैं। वहीं गुजरात के पंपों की सेल 10-11 हजार लीटर तक प्रतिदिन हो रही है। पुलिस लंबे समय से इन्हें नजर अंदाज कर रही है।
सीमावर्ती क्षेत्रों में हो रही पेट्रोल-डीजल की तस्करी को लेकर राजस्थान पत्रिका ने 15 जून के अंक में इस समाचार को प्रमुखता से प्रकाशित किया था और बताया कि हर महीने पेट्रोल-डीजल की तस्करी से जिले का 25 प्रतिशत व्यापार प्रभावित हो रहा है। इसके बाद पुलिस ने हरकत में आते हुए बड़े तस्करों पर कार्रवाई की योजना बनाई और सूचना पुख्ता होने पर कार्रवाई की।
Published on:
20 Jun 2026 09:36 am
बड़ी खबरें
View Allबांसवाड़ा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
