
Rajasthan News: बांसवाड़ा जिले में पुलिस ने बस पर पथराव करने और यात्रियों को धमकाने के मामले में तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि आरोपी एक व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए वारदात की योजना बनाते थे। पुलिस को आरोपियों के मोबाइल से ‘पार्टी कब है’ नाम का व्हाट्सएप ग्रुप मिला, जिसमें शराब पार्टी के लिए राहगीरों और गुजरने वाले वाहनों से अवैध वसूली करने की योजना बनाई जाती थी।
मामला आनंदपुरी थाना क्षेत्र के बरकोटा घाटी का है। पुलिस के अनुसार, 3 अगस्त की रात करीब 10:30 बजे बांसवाड़ा से अहमदाबाद जा रही एक निजी यात्री बस को कुछ युवकों ने रोकने की कोशिश की थी। आरोपियों ने बस पर पथराव किया और चालक व यात्रियों को धमकाकर मौके से फरार हो गए थे। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की।
पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी के निर्देशन में टीम गठित कर तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। पुलिस ने मंगलवार को दबिश देकर बरकोटा निवासी रोहित (28) को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, उसके साथी मानशंकर और प्रकाश मोटरसाइकिल से भागने लगे।
पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों का करीब 7 किलोमीटर तक पीछा किया। भागते हुए दोनों आरोपी अनास नदी के बैकवॉटर में कूद गए। पुलिस ने उन्हें बाहर आने के लिए काफी समझाया, लेकिन वे बाहर नहीं आए। इसके बाद कांस्टेबल गुणवीरसिंह ने हिम्मत दिखाते हुए पानी में छलांग लगाई और दोनों आरोपियों को पकड़कर बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
थानाधिकारी कपिल पाटीदार ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने बस पर पथराव की घटना स्वीकार की है। आरोपियों के मोबाइल की जांच में ‘पार्टी कब है’ नाम का व्हाट्सएप ग्रुप मिला है। पुलिस के अनुसार, इस ग्रुप के जरिए आरोपी शराब पार्टी के लिए पैसे जुटाने और राहगीरों व वाहनों से अवैध वसूली करने की योजना बनाते थे। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपियों ने इससे पहले कितनी वारदातों को अंजाम दिया है और इस गिरोह में इनके अलावा और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में बरकोटा निवासी रोहित, बरजड़िया निवासी मानशंकर और बरजड़िया निवासी प्रकाश (25) शामिल हैं। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।