
बांसवाड़ा। राजस्थान में बारिश की बेरुखी के बीच बांसवाड़ा में एक अनोखी और वर्षों पुरानी परंपरा देखने को मिली। अच्छी बारिश और किसानों की खुशहाली की कामना के लिए शहर में पूरे रीति-रिवाज के साथ मेंढक और मेंढकी का विवाह कराया गया। खास बात यह रही कि शादी से पहले दोनों की सगाई कराई गई, हल्दी-मेहंदी की रस्म निभाई गई, फिर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सात फेरे हुए और आखिर में दुल्हन बनी मेंढकी की विदाई भी की गई। इस अनूठे आयोजन को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग उमड़ पड़े।
डेगली माता चौक पर आयोजित इस कार्यक्रम का आयोजन क्रांतिकारी तरुण मंच और क्षेत्र के लोगों ने मिलकर किया। आयोजक अशोक मदहोश और सतीश आचार्य ने बताया कि जब भी क्षेत्र में बारिश में देरी होती है या सूखे जैसे हालात बनते हैं, तब वर्षों पुरानी इस परंपरा का निर्वहन किया जाता है। मान्यता है कि इससे इंद्र देव प्रसन्न होते हैं और अच्छी वर्षा होती है।
आयोजकों ने मेंढक का नाम 'संतरा' और मेंढकी का नाम 'मौसंबी' रखा। विवाह से पहले दोनों की सगाई कराई गई। इसके बाद इत्र से स्नान कराया गया, नए वस्त्र पहनाए गए। दूल्हे बने मेंढक को पगड़ी पहनाई गई, जबकि दुल्हन बनी मेंढकी को लहंगा और साफा पहनाकर सजाया गया। हल्दी और मेहंदी जैसी पारंपरिक रस्में भी निभाई गईं।
शादी से पहले शहरभर में निमंत्रण पत्र बांटकर लोगों को इस अनोखे विवाह समारोह में शामिल होने का न्योता दिया गया था। तय मुहूर्त पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विवाह संपन्न हुआ। इसके बाद ढोल-नगाड़ों की धुन पर डेगली माता चौक से गणेश मंदिर, आजाद चौक और बाजार के प्रमुख मार्गों से बारात निकाली गई। बारात में शामिल लोग जमकर नाचे और पूरे उत्साह के साथ इस परंपरा का हिस्सा बने। बाजार से गुजरती बारात को देखने के लिए दुकानदार और राहगीर भी बाहर निकल आए।
विवाह के बाद मेंढकी की पारंपरिक विदाई की रस्म भी निभाई गई। समारोह के अंत में उपस्थित लोगों को मिठाई बांटी गई और अच्छी बारिश की कामना की गई।
इधर, बांसवाड़ा जिले के आनंदपुरी उपखंड के चिकली तेजा गांव में भी अच्छी बारिश की कामना को लेकर आदिवासी परंपरा निभाई गई। यहां महिलाओं ने पुरुषों का वेश धारण कर पारंपरिक 'धाड़' निकाली। हाथों में पारंपरिक हथियार लेकर लोकगीत गाते और नृत्य करते हुए महिलाओं ने इंद्र देव से अच्छी वर्षा की प्रार्थना की। बाद में माताजी मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना भी की गई।
ग्रामीणों का कहना है कि जिले में पर्याप्त बारिश नहीं होने से किसान चिंतित हैं। कई खेतों में बोई गई फसलें पानी का इंतजार कर रही हैं, जबकि अनेक किसान अब भी बारिश के अभाव में बुवाई शुरू नहीं कर पाए हैं। ऐसे में लोगों ने परंपराओं के जरिए इंद्र देव से अच्छी बारिश की कामना की है।