13 जुलाई 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Monsoon Update: राजस्थान के 19 जिलों में सामान्य से कम बारिश, जानें क्यों कमजोर पड़ा मानसून?

राजस्थान में मानसून एक बार फिर कमजोर पड़ गया है। प्रदेश में अभी तक 19 जिलों में सामान्य से कम बारिश हुई है। इनमें से 11 जिले ऐसे हैं जहां बारिश का आंकड़ा 20 फीसदी से भी कम है।
2 min read
Google source verification
Monsoon Update

Monsoon Update। फोटो पत्रिका

Rajasthan Monsoon Update : जयपुर। राजस्थान में मानसून एक बार फिर कमजोर पड़ गया है। प्रदेश में अभी तक 19 जिलों में सामान्य से कम बारिश हुई है। इनमें से 11 जिले ऐसे हैं जहां बारिश का आंकड़ा 20 फीसदी से भी कम है। 14 जिलों में 20 फीसदी से अधिक बारिश हुई है। राजस्थान की बात करें तो अभी तक सामान्य से 11.41 फीसदी अधिक बारिश हुई है।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार प्रदेश में आगामी एक सप्ताह ब्रेक मानसून की स्थिति बनी रहेगी। इसके चलते अधिकांश इलाकों में बारिश की गतिविधियां थम जाएंगी और मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा। हालांकि 13 से 15 जुलाई के बीच जयपुर, भरतपुर और शेखावाटी क्षेत्र के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है, जबकि 14-15 जुलाई को बीकानेर, गंगानगर, हनुमानगढ़ और चूरू में कहीं-कहीं बूंदाबांदी की संभावना है।

पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग में अगले दो से तीन दिन 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से धूलभरी हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल कोई मजबूत मानसूनी तंत्र सक्रिय नहीं है, इसलिए प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश की संभावना कम रहेगी।

तापमान में हल्की बढ़ोतरी, फतेहपुर सबसे गर्म

बारिश थमने के साथ ही प्रदेश में दिन और रात के तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। रविवार को फतेहपुर सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 41.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके बाद जैसलमेर में 39.0, चूरू में 38.5, बीकानेर में 38.1 और अलवर व श्रीगंगानगर में 38.0 डिग्री तापमान दर्ज हुआ। राजधानी जयपुर में अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस रहा।

इसलिए कमजोर पड़ा मानसून

-मानसून ट्रफ लाइन सामान्य स्थिति से उत्तर की ओर खिसक गई।

-बंगाल की खाड़ी में फिलहाल कोई मजबूत निम्नवायु दाब प्रणाली नहीं बन रही।

-मैडन-जूलियन ऑसिलेशन (भूमध्य रेखा के पास विशाल मौसम प्रणाली) मानसून के लिए अनुकूल स्थिति में नहीं है, जिससे मध्य और पश्चिम भारत में नमी की आपूर्ति कमजोर पड़ गई।

आगे क्या?

आइएमडी ने अभी मानसून की सक्रियता को लेकर कोई बयान जारी नहीं किया है। हालांकि बंगाल की खाड़ी में नया निम्न वायुदाब बनने से 19 जुलाई से मानसून फिर सक्रिय होने के आसार हैं।

बारिश का संभागवार गणित

अजमेर : 38.62 फीसदी अधिक
भरतपुर : 0.10 फीसदी अधिक
बीकानेर : 50.62 फीसदी अधिक
जयपुर : 16.79 फीसदी अधिक
जोधपुर : 17.33 फीसदी कम
कोटा : 1.68 फीसदी कम
उदयपुर : 5.55 फीसदी अधिक