बांसवाड़ा

राजस्थान में बीजेपी नेता ने की आत्महत्या, पेड़ से लटका मिला शव; पार्टी और क्षेत्र में शोक की लहर

बांसवाड़ा के छोटी सरवन क्षेत्र से भाजपा जिला मंत्री अर्जुन सिंह मईड़ा ने रविवार को फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उनका शव पेड़ से लटका मिला। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना से भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में शोक की लहर है।
2 min read
BJP Leader Suicide
अर्जुन सिंह मईड़ा (पत्रिका फोटो)

Rajasthan BJP Leader Suicide: राजस्थान के बांसवाड़ा जिले से एक बेहद चौंकाने वाली और दुखद खबर सामने आई है। भारतीय जनता पार्टी के जिला मंत्री और वरिष्ठ नेता अर्जुन सिंह मईड़ा (47 वर्ष) ने रविवार को पारिवारिक कारणों के चलते फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उनका शव एक पेड़ से लटका हुआ मिला। अचानक हुई इस घटना से उनके परिवार, समर्थकों और पूरी भाजपा पार्टी में हड़कंप मच गया है। सूचना मिलते ही स्थानीय कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई।

जानकारी के अनुसार, अर्जुन सिंह मईड़ा छोटी सरवन क्षेत्र के छायन बड़ी ग्राम पंचायत के रहने वाले थे। रविवार को उनका शव क्षेत्र में ही एक पेड़ पर फंदे से लटका हुआ पाया गया। घटना की भनक लगते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

अर्जुन सिंह के बेटे ने इस संबंध में दानपुर थाने में मामला दर्ज करवाया है। सूचना मिलने के बाद दानपुर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची, घटनास्थल का जायजा लिया और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भिजवाया।

जमीनी स्तर के सक्रिय नेता थे अर्जुन सिंह

छोटी सरवन के भाजपा मंडल अध्यक्ष गौरीशंकर ने बताया कि अर्जुन सिंह मईड़ा पार्टी के एक बेहद सक्रिय और जमीनी स्तर के मजबूत नेता थे। वे लंबे समय से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े हुए थे और संघ के सिद्धांतों पर चलते हुए उन्होंने राजनीति में अपनी एक खास पहचान बनाई थी।

इससे पहले वे छोटी सरवन के मंडल अध्यक्ष भी रह चुके थे। इसके अलावा, उन्होंने छोटी सरवन से पंचायत समिति सदस्य के रूप में भी जिम्मेदारी संभाली थी। पंचायत समिति सदस्य रहने के दौरान उनके द्वारा करवाए गए विकास कार्यों की क्षेत्र में आज भी काफी चर्चा होती है।

आत्महत्या के कारणों की जांच में जुटी पुलिस

अर्जुन सिंह जैसे कद्दावर नेता द्वारा ऐसा आत्मघाती कदम उठाने से उनके परिजन, समर्थक और साथी राजनेता पूरी तरह हैरान हैं। शुरुआती जानकारी में सुसाइड की वजह पारिवारिक कारण बताई जा रही है।

लेकिन पुलिस का कहना है कि अभी तक आत्महत्या का कोई सटीक और स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। दानपुर थाना पुलिस हर एंगल से मामले की बारीकी से जांच कर रही है।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने और परिजनों से पूछताछ के बाद ही स्थिति पूरी तरह साफ हो पाएगी। उनके निधन पर क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया है।

Published on:
17 May 2026 02:36 pm