बांसवाड़ा

बांसवाड़ा: पटाखे की चिंगारी से दो घरों में लगी आग, रातोंरात जलकर खाक हुआ लाखों का सामान; सिलेंडर ब्लास्ट से मची हाहाकार

बांसवाड़ा के खमेरा में रात करीब 3 बजे पटाखे की चिंगारी से दो मकानों में आग लग गई। हादसे में नकदी, सोने-चांदी के जेवर और घर का पूरा सामान जलकर राख हो गया। दमकल की दो गाड़ियों ने आग पर काबू पाया।
2 min read
• •
Updated: 11 Nov 2026, 10:39 AM IST
Banswara Fire Incident
पटाखे की चिंगारी से दो मकान जलकर हुए राख (Photo-Patrika)

बांसवाड़ा (खमेरा). बांसवाड़ा जिले के घाटोल उपखंड के खमेरा थाना क्षेत्र के पंचाल मोहल्ले में बीती रात करीब 3 बजे पटाखे की चिंगारी से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने दोनों मकानों को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेज थी कि दोनों मकान पूरी तरह जलकर खाक हो गए। घरों में रखी नकदी, सोने-चांदी के जेवर, कपड़े और रोजमर्रा के इस्तेमाल का सामान भी जल गया। हालात ऐसे हो गए कि दोनों परिवारों के पास तन पर पहने कपड़ों के अलावा कुछ नहीं बचा।

दोनों मकान बलदेव पंचाल और उनके बड़े भाई अशोक पंचाल के हैं। घटना के समय इन मकानों में किराएदार ओमप्रकाश सोनी पुत्र शंकरलाल सोनी और रघुवीर सिंह पुत्र किशोर सिंह रह रहे थे। रघुवीर सिंह दीपावली की छुट्टियां मनाने अपने गांव गए हुए थे और ओमप्रकाश सोनी अपनी पत्नी, बेटे परीक्षित और पुत्रवधू के साथ मकान में सो रहे थे।

परीक्षित की सतर्कता से बची परिवार की जान

रात करीब 3 बजे परीक्षित शौच के लिए उठे तो उन्हें मकान में आग की लपटें दिखाई दीं। उन्होंने तुरंत अपनी पत्नी, पिता और मां को जगाया और सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद आसपास के लोगों को भी आवाज देकर जगाया गया। कुछ ही देर में मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंच गए और आग बुझाने की कोशिश करने लगे। लेकिन तब तक आग दोनों मकानों में फैल चुकी थी।

लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। जानकारी मिलने पर दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। खमेरा पुलिस भी मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य में मदद की। इस दौरान घर में रखा एक गैस सिलेंडर भी फट गया, जिससे हाहाकार मच गई। इसके बाद आग और ज्यादा खतरनाक हो गई थी। हालांकि, समय रहते परिवार के सभी लोग बाहर निकल गए और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

घटना के दौरान एक सिलेंडर भी फटा

नकदी और जेवर समेत पूरा सामान जला

आग में दोनों मकानों में रखी नकदी, सोने-चांदी के जेवर, कपड़े और घर का जरूरी सामान पूरी तरह जल गया। परिवारों को इतना नुकसान हुआ कि अब उनके सामने रहने और रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने की परेशानी खड़ी हो गई है। घरों में रखा जरूरी सामान भी नहीं बचा।

सुबह मौके पर पहुंचे ग्रामीण, मदद का भरोसा दिया

सुबह होते ही आग लगने की खबर आसपास के गांवों में फैल गई। इसके बाद पंचाल मोहल्ले में लोगों की भीड़ जमा हो गई। दोनों मकानों की हालत देखकर हर कोई हैरान था। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और इस मुश्किल समय में साथ देने का भरोसा दिया। साथ ही, परिवारों को आर्थिक मदद पहुंचाने के लिए भी ग्रामीणों ने पहल की।

Updated on:
11 Nov 2026, 10:39 AM IST
Published on:
Also Read
View All