Ambulance Strike in Barabanki: जिले में 102 और 108 एंबुलेंस सेवा की करीब 84 एंबुलेंस हैं। 102 एंबुलेंस प्रसूताओं की सेवा के लिए तो 108 एंबुलेंस हादसे में प्रयोग की जा रही है।
बाराबंकी. Ambulance Strike in Barabanki: पूरे प्रदेश के साथ ही जनपद बाराबंकी में भी एंबुलेंस कर्मचारियों को नौकरी से बाहर निकाले जाने से नाराज साथियों ने एंबुलेंस का चक्का जाम कर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। एंबुलेंस चालकों के हड़ताल पर जाने का जिले की स्वास्थ्य सेवाओं पर काफी बड़ा असर भी देखने को मिल रहा है। एंबुलेंस न मिलने की वजह से लोग अपने मरीजों को निजी वाहनों से लेकर अस्पताल पहुंच रहे हैं। दरअसल जिले में 102 और 108 एंबुलेंस सेवा की करीब 84 एंबुलेंस हैं। 102 एंबुलेंस प्रसूताओं की सेवा के लिए तो 108 एंबुलेंस हादसे में प्रयोग की जा रही है।
एंबुलेंस का चक्का जाम
बाराबंकी जिले में अपनी छह सूत्री मांगों को लेकर एंबुलेंस कर्मियों ने चक्का जाम कर दिया है। 81 एंबुलेंस लाकर कर्मचारियों ने बड़ेल के पास हाईवे पर खड़ी कर दी। पूरे दिन कर्मचारी सिस्टम के विरुद्ध आवाज बुलंद करते रहे। वहीं इसका सीधा असर रोगियों-तीमारदारों पर देखने को मिला। जरूरतमंद एंबुलेंस के लिए 102 व 108 पर फोन करते रहे पर उन्हें एंबुलेंस नहीं मिल पाई। हालांकि जीवनदायिनी स्वास्थ्य स्वास्थ्य विभाग 108, 102 एंबुलेंस कर्मचारी संघ ने अति गंभीर मरीजों के लिए तीन एंबुलेंस उपलब्ध कराईं। एंबुलेंस कर्मियों की माने तो एजेंसी ने हम लोगों के साथ अन्याय करना शुरू कर दिया है, लेकिन इसके बाद भी हम लोगों ने मानवता दिखाते हुए आपातसेवा के लिए तीन एंबुलेंस अस्पताल प्रशासन को उपलब्ध करा रखी है, जो लगातार अपना काम कर रही हैं।
नई संस्था ने नौकरी से निकाला
एंबुलेंस कर्मियों ने बताया कि कार्यदाई संस्था के बदलने से कई कर्मचारियों को नई संस्था ने बाहर का रास्ता दिखा दिया है। जिससे इन कर्मचारियों के सामने रोजीरोटी का संकट खड़ा हो गया है। नई संस्था जिस तरह से कार्य कर रही है उससे अन्य कर्मियों का भविष्य भी खतरे में नजर आ रहा है। इसीलिए हम लोगों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर संस्था को चेतावनी दे दी है कि अगर कर्मचारियों के भविष्य से खिलवाड़ किया गया तो हम लोग आरपार की लड़ाई लड़ने से पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि किसी भी कर्मचारी को उसके पद से न हटाया जाए, सामान्य कार्य का सामान्य वेतन दिया जाए। जब तक हम लोगों की मांगों को माना नहीं जाता है तब तक हम लोग हड़ताल को समाप्त करने वाले नहीं हैं।
चल रही वार्ता
वहीं बाराबंकी के सीएमओ डा. राम जी वर्मा ने बताया कि अयोध्या मंडल के एंबुलेंस कंपनी के कोऑर्डिनेटर से जिलाधिकारी बाराबंकी की बात हुई है। एंबुलेंस के ड्राइवर की वार्ता चल रही है। अगर ये हड़ताल चलेगी तो विभाग के ड्राइवरों से एंबुलेंस चलवाईं जाएंगी। आगे जो भी निर्णय जिलाधिकारी द्वारा लिया जाएगा, उसके मुताबिक आगे की कार्रवाई की जाएगी।