बाराबंकी

3 डिग्री तापमान के साथ कांपा बाराबंकी, UP का सबसे ठंडा जिला, 5 जनवरी को सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ

Barabanki coldest district in UP मौसम विभाग के अनुसार बाराबंकी पिछले 24 घंटे में सबसे ठंडा जिला रहा। यहां का न्यूनतम तापमान 3 डिग्री रिकॉर्ड हुआ है। आने वाले दिनों में ठंड से राहत मिलने की संभावना नहीं है।‌
2 min read
यूपी में बाराबंकी सबसे ठंडा (जिला फोटो सोर्स- पत्रिका)
जिला फोटो सोर्स- पत्रिका

Barabanki coldest district in UP मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटे में बाराबंकी सबसे ठंडा जिला रहा। यहां का न्यूनतम तापमान 3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है। जबकि गोरखपुर, अयोध्या, हरदोई का तापमान 5 डिग्री या इससे कम रिकॉर्ड हुआ है।‌ अगले 48 घंटे में सुबह और शाम का कोहरा दिखाई पड़ेगा। कहीं हल्का-फुल्का तो कहीं घना कोहरा छाया रहेगा। इस दौरान कानपुर मंडल में बारिश की कोई संभावना नहीं है। मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर एसएन सुनील पांडे ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 5 जनवरी को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। लेकिन ज्यादा शक्तिशाली नहीं है। ‌

बाराबंकी में हाड़कपाऊ ठंड

मौसम केंद्र लखनऊ के अनुसार बाराबंकी का न्यूनतम तापमान पिछले 24 घंटे में 3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है। जबकि गोरखपुर का 4.4 डिग्री, हरदोई का 4.5 डिग्री और अयोध्या का 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। सुल्तानपुर का भी तापमान 5.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है। ‌

इन जिलों का तापमान 4 से 10 डिग्री के बीच दर्ज किया गया

उत्तर प्रदेश में बरेली और शाहजहांपुर का तापमान 4 से 6 डिग्री के बीच दर्ज किया गया है। जबकि मुरादाबाद, इटावा, कानपुर नगर, फुरसतगंज, लखनऊ, बनारस, गाजीपुर, आजमगढ़, बस्ती, बहराइच का तापमान 6 से 8 डिग्री के बीच दर्ज किया गया है। मुजफ्फरनगर, मेरठ, बुलंदशहर, अलीगढ़, लखीमपुर खीरी, फतेहगढ़, हमीरपुर, बांदा, प्रयागराज, चुर्क, फतेहपुर का तापमान 8 से 10 डिग्री के बीच दर्ज किया गया है। ‌

क्या कहते हैं मौसम वैज्ञानिक?

मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर एसएन सुनील पांडे ने बताया कि कानपुर मंडल में आज दोपहर 12 बजे के बाद धूप निकली है। जिससे लोगों को काफी राहत मिली है। आने वाले दिनों में सुबह और शाम का कोहरा दिखाई पड़ सकता है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण पश्चिम उत्तर प्रदेश में टुकड़ों में बूंदाबांदी भी हुई है।

कानपुर मंडल में बारिश होगी?

लेकिन कानपुर मंडल के जिलों में आने वाले दिनों में बारिश की कोई संभावना नहीं है। अगले 48 घंटे में उत्तर पश्चिम से आने वाली सर्द हवाएं अपना असर दिखाएंगी। जिसके कारण कानपुर मंडल सहित उत्तर प्रदेश का तापमान गिरेगा। बर्फीली हवाएं दिन में भी अपना जलवा दिखाएंगी। गलन बनी रहेगी।

पिछले 2 महीने से कानपुर में बारिश नहीं

मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि पिछले 2 महीने से कानपुर मंडल में बारिश नहीं हुई है जो चिंता का विषय है। 5 जनवरी को एक और वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय हो रहा है लेकिन यह भी उतना ताकतवर नहीं है कि बारिश की गतिविधियां हो सकें। शीतलहर और शीत दिवस की संभावना भी बनी रहेगी। दक्षिण और पूर्व दिशा से आने वाली हवाएं फिलहाल अपना असर दिखा रही हैं। दो दिनों के बाद उत्तर पश्चिमी हवाएं तापमान को गिराएंगी।

Updated on:
01 Jan 2026 07:16 pm
Published on:
01 Jan 2026 07:16 pm